Panna News: चूल्हा-चौके से आत्मनिर्भरता की राह पर ग्रामीण महिलाएं, जेके सीमेंट की ‘उड़ान’ से मिल रहे सपनों को पंख

चूल्हा-चौके से आत्मनिर्भरता की राह पर ग्रामीण महिलाएं, जेके सीमेंट की ‘उड़ान’ से मिल रहे सपनों को पंख
पगरा गांव में खुला प्रशिक्षण केंद्र, पहले चरण में 50 महिलाओं को सिलाई और ब्यूटी पार्लर का दिया जाएगा प्रशिक्षण; अब तक 350 से अधिक महिलाएं हो चुकी हैं प्रशिक्षित

डिजिटल डेस्क,पवई,पन्ना। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जेके सीमेंट पन्ना की सीएसआर इकाई लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में ग्राम पगरा में ‘उड़ान प्रशिक्षण केंद्र’ की शुरुआत की गई है। इस केंद्र के माध्यम से गांव की महिलाओं को सिलाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

केंद्र के पहले चरण में 50 ग्रामीण महिलाओं को छह महीने तक व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ समाज में भी अपनी अलग पहचान बना सकें।

350 से अधिक महिलाओं को मिल चुका है प्रशिक्षण

जेके सीमेंट पन्ना की सीएसआर टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए आसपास के विभिन्न गांवों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के तहत अब तक 350 से अधिक महिलाओं को सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़कर आत्मनिर्भरता की राह अपना रही हैं।

कंपनी प्रबंधन के मार्गदर्शन में पहल

इस पहल को जेके सीमेंट पन्ना के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल एवं एचआर हेड अवनेश कुमार गौतम के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है। कंपनी प्रबंधन का मानना है कि महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ेगा।

सरपंच एवं पूर्व सरपंच ने किया केंद्र का शुभारंभ

ग्राम पगरा में आयोजित उद्घाटन समारोह में सरपंच श्रीमती दीपा अहिरवार एवं पूर्व सरपंच रामकेश पाण्डेय ने फीता काटकर उड़ान प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में लोक कल्याण भूमिका समिति के प्रतिनिधियों एवं जेके सीमेंट पन्ना की सीएसआर टीम के सदस्यों की सहभागिता रही।

‘उड़ान’ प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत से पगरा की महिलाओं को अब हुनर सीखने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। गांव में ही प्रशिक्षण प्राप्त कर वे अपने पैरों पर खड़े होने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगी। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोलने के साथ उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रही है।

Created On :  

Next Story