Pawai News: भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु, बुंदेली लोकगीतों से जयसिंह राजा ने बांधा समा

डिजिटल डेस्क,पवई। नवरात्रि के पावन पर्व पर भक्ति गीतों की गूंज, बुंदेली लोकगीतों की मिठास और श्रद्धालुओं का उत्साह… बस स्टैंड पवई का पूरा परिसर देर रात तक भक्तिरस में डूबा रहा। ललितपुर के प्रसिद्ध भजन एवं लोकगीत गायक जयसिंह राजा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि हजारों श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। माता के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं बुंदेली लोकगीतों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
बीते वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बस स्टैंड दुर्गा उत्सव परिवार के तत्वावधान में बस स्टैंड परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जयसिंह राजा ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों और बुंदेली लोकगीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, वैसे-वैसे श्रोताओं का उत्साह भी बढ़ता गया। देर रात तक चले आयोजन में भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
अतिथियों की मौजूदगी में सजा सांस्कृतिक मंच
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोहिनी आनंद मिश्रा मुख्य अतिथि तथा मां कलेही स्टोन क्रेशर के शैलेश नगायच एवं नगर परिषद् अध्यक्ष बसंत दहायत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। साथ ही पुष्पेंद्र पटेल प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा , दीपेंद्र सिंह परमार जिला उपाध्यक्ष भाजपा सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामय मौजूदगी रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने सहभागिता की।
पुलिस बल रहा मुस्तैद, आयोजकों ने जताया आभार
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी शिवा पाठक, थाना प्रभारी सुशील अहिरवार सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा। कार्यक्रम का संचालन विवेक शंकर सिंह (रवि) ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर बस स्टैंड दुर्गा उत्सव परिवार ने अतिथियों, श्रद्धालुओं, नगरवासियों, आयोजन समिति साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Created On :  
