Pawai news: नन्ही पवई स्कूल का जर्जर भवन : हादसे का खतरा

नन्ही पवई स्कूल का जर्जर भवन : हादसे का खतरा
बच्चों की सुरक्षा को लेकर पालकों में चिंता

डिजिटल न्यूज़ पवई

शासकीय माध्यमिक शाला नन्ही पवई परिसर में स्थित जर्जर एवं खण्डहर भवन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए खतरा बना हुआ है। भवन की हालत इतनी खराब है कि उसका कोई भी हिस्सा कभी भी गिर सकता है। इसके बावजूद लंबे समय से इसे हटाने की कार्रवाई नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा करीब एक वर्ष पहले मौके पर भवन का निरीक्षण किया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्कूल परिसर में बच्चों की आवाजाही के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

शाला प्रभारी ने बताया कि जर्जर भवन को डिस्मेंटल कराने के संबंध में सक्षम अधिकारियों को लिखित सूचना दी जा चुकी है। वहीं पालकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर भवन हटाने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए। जब तक भवन नहीं हटाया जाता, तब तक उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग भी की गई है।

Created On :   12 Sept 2026 4:02 PM IST

Tags

Next Story