पवई न्यूज: पवई में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर, मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार

पवई में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर, मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार
कहीं 10 फीट ऊंचे गणपति तो कहीं मिट्टी की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार, बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

डिजिटल डेस्क पवई। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ सोमवार को भगवान श्रीगणेश घर-घर और सार्वजनिक पंडालों में विराजमान होंगे। गणेश चतुर्थी को लेकर पवई नगर सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, वहीं गणेश उत्सव समितियां पंडालों की सजावट को अंतिम रूप दे रही हैं।

14 सितंबर से शुरू होने वाला दस दिवसीय गणेशोत्सव 25 सितंबर अनंत चतुर्दशी के दिन प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न होगा। विद्वानों के अनुसार गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक रहेगा।

मूर्तिकारों की कला से साकार हो रहे बप्पा के मनमोहक रूप-

पवई के मूर्तिकला केंद्रों में इन दिनों अलग-अलग आकार और स्वरूप की गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। छोटी प्रतिमाओं से लेकर 8 से 10 फीट तक ऊंची प्रतिमाओं को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। कारीगर रंग-रोगन, मुकुट, आभूषण और श्रृंगार के कार्य में व्यस्त हैं।नगर के प्रमुख मूर्तिकार नत्थूलाल कुशवाहा, रामसनेही कुशवाहा, रतनलाल कुशवाहा (बाबाजी) सहित रामजी, पंकज, अनुज और राजा अपनी कला से गणपति प्रतिमाओं को अंतिम स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। इस बार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से बनी इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं की मांग भी बढ़ी है।

बाजार में सजी पूजन सामग्री की दुकानें-

गणेशोत्सव के चलते बाजारों में भी रौनक लौट आई है। पूजन सामग्री, फूल-माला, सजावटी सामान, विद्युत लाइटिंग और पंडाल सजावट की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ नजर आने लगी है। सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर पंडाल निर्माण और सजावट का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है।

घरों में भी बप्पा के स्वागत की तैयारियां-

सार्वजनिक आयोजनों के साथ-साथ लोग अपने घरों में भी गणपति स्थापना की तैयारी कर रहे हैं। श्रद्धालु प्रतिमाओं की खरीदारी, पूजन सामग्री और प्रसाद की व्यवस्था में जुटे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गणेशोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।


Created On :   13 Sept 2026 6:57 PM IST

Tags

Next Story