- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पवई
- /
- सांदीपनि स्कूल में अधूरे निर्माण...
Pawai news: सांदीपनि स्कूल में अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

डिजिटल न्यूज़ पवई
शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उमावि पवई में गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता के नेतृत्व में जिला लोक निर्माण विभाग एवं पीपुल फाउंडेशन भोपाल की टीम ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ नवीन भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। टीम ने सुबह 10:30 बजे विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति, प्रार्थना सभा और विभिन्न कक्षाओं में चल रहे अध्यापन कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य आरके नगायच ने नवीन भवन में शेष निर्माण एवं सुधार-मरम्मत से जुड़े कार्यों की जानकारी पीआईयू एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दी। एसएमसी अध्यक्ष वसंत कुमार सक्सेना ने भी पूर्व में किए गए पत्राचार का हवाला देते हुए लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया।
इन कार्यों को पूरा करने की मांग
विद्यालय में करीब 50 मीटर अधूरी बाउंड्रीवाल एवं गेट का निर्माण, प्रथम तल से ऊपरी छत की लॉन गैलरी को स्टील जाली से सुरक्षित करना, खुली नाली को आरसीसी से ढकना, इन्वर्टर के लिए विद्युत लाइन डालना, सीसीटीवी कैमरों के लिए 24 घंटे विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करना और पानी के लीकेज को ठीक कराने जैसे कार्यों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया। इसके अलावा बीईओ कार्यालय के कक्ष को हटाने तथा रात्रि के समय कार्यालय संचालन से विद्यालय में होने वाली समस्याओं की जानकारी भी दी गई।
बसों में कैमरा, जीपीएस और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
विद्यालय के विद्यार्थियों के आवागमन के लिए बस संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। बसों में सुरक्षा नियमों के अनुसार कैमरे, जीपीएस, यूनिफॉर्म तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ मैनेजर की नियुक्ति की मांग रखी गई। जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
बोर्ड परीक्षा को लेकर मासिक लक्ष्य तय करने पर जोर
पीपुल फाउंडेशन भोपाल से पहुंचे साईं चांद ने सांदीपनि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं और विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अध्यापन कार्य की प्रस्तुति लेते हुए बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर विशेष जोर दिया। शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित फीडबैक लेने और उसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बेहतर हो सके।
कालिदास समारोह में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान
इसी दौरान जिला स्तरीय कालिदास समारोह में प्रथम स्थान प्राप्त कर लौटे कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों को भी टीम ने बधाई दी। नृत्य नाटिका और श्लोक पाठ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता एवं निरीक्षण टीम ने संभाग स्तर पर चयन के लिए शुभकामनाएं दीं।
Created On :   9 Oct 2026 2:25 PM IST












