- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- फर्जी ऐप से 70 रुपये का नकली पास...
Pune City News: फर्जी ऐप से 70 रुपये का नकली पास बनाकर करता रहा बस यात्रा, युवक पर मामला दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में फर्जी दस्तावेजों और नकली मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए धोखाधड़ी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) के नाम से मिलते-जुलते एक फर्जी मोबाइल ऐप के माध्यम से नकली दैनिक पास बनाकर यात्रा करने वाले एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले मेंकौस्तुभ शैलेश मांजरेकर (24), निवासी प्रीतम हाईट्स, बालाजीनगर, के खिलाफ भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में पीएमपीएमएल की ओर से मिठ्ठू साहेबराव बडे (45), निवासी शेवालेवाड़ी फाटा, मांजरी, ने शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 फरवरी की सुबह लगभग साढ़े दस बजे भारती विद्यापीठ बीआरटी बस स्टॉप पर हुई। आरोपी युवक रोजाना इसी बस स्टॉप से पीएमपी बस में यात्रा करता था। जांच के दौरान उसने अपने मोबाइल पर दैनिक पास दिखाया, लेकिन पास देखकर संदेह उत्पन्न हुआ।
सत्यापन के लिए संबंधित अधिकारियों ने पीएमपी कार्यालय से संपर्क किया, जहां जांच में पास फर्जी पाया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से पीएमपी के आधिकारिक ऐप जैसा दिखने वाला नकली मोबाइल एप्लिकेशन तैयार किया था। उसने 70 रुपये का नकली दैनिक पास बनाकर खुद को अधिकृत पासधारक बताकर पुणे शहर में यात्रा की और परिवहन उपक्रम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
Created On :   28 Feb 2026 3:06 PM IST












