- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों के बीच...
Pune City News: आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों के बीच पुणे में बनेंगे 3 बड़े शेल्टर बनेंगे, 25 करोड़ की मांग

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में आवारा कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच मनपा ने खराडी, शिंदेवाडी और भूगांव में कुत्तों के लिए तीन बड़े शेल्टर (आश्रय केंद्र) बनाने का निर्णय लिया है। हर शेल्टर में एक हजार कुत्तों को रखने की क्षमता होगी। भूगांव स्थित शेल्टर का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यह जानकारी मनपा की पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सारिका फुंडे-भोसले ने दी।
शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। रात में देर से काम से लौटने वाले नागरिकों और सुबह व्यायाम के लिए निकलने वालों को इन कुत्तों से सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले कुछ महीनों में दिन के समय भी हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं।
मनपा द्वारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए उन्हें पकड़कर नसबंदी की जाती है और बाद में उसी स्थान पर छोड़ दिया जाता है। इस कार्य के लिए विभिन्न संस्थाओं की नियुक्ति की गई है। नसबंदी पर हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन कुत्तों की संख्या में अपेक्षित कमी नहीं दिख रही है। इतना ही नहीं, नसबंदी के बाद गले में पट्टा लगाए गए कुछ कुत्तों के पिल्ले होने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार स्थानीय निकायों को आवारा कुत्तों के लिए आश्रय गृह बनाने के आदेश दिए गए हैं। इसी के तहत तीन स्थानों पर शेल्टर निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। इनकी कुल क्षमता तीन हजार कुत्तों की होगी।
मनपा ने आवारा कुत्तों के भोजन, चिकित्सा और देखभाल के लिए 25 करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान का प्रस्ताव रखा है। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक आवारा कुत्ते पर प्रतिदिन भोजन, पानी और स्वच्छता पर लगभग 103 रुपये खर्च होने का अनुमान है। बढ़ती संख्या और खर्च को देखते हुए निगम ने आगामी बजट में इस मद के लिए पर्याप्त राशि रखने की मांग की है।
Created On :   28 Feb 2026 3:18 PM IST












