- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मतदान केंद्र पर जाने से पहले ढंग से...
Pune City News: मतदान केंद्र पर जाने से पहले ढंग से जांचें चुनाव सामग्री

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान अत्यंत महत्वपूर्ण घटक है और मतदान के दिन मतदान केंद्रों की रचना व व्यवस्था उचित तरीके से होना आवश्यक है। इसके लिए मतदान केंद्राध्यक्ष और मतदान अधिकारी-कर्मचारियों को मतदान केंद्र पर जाने से पहले दिए गए सभी सामग्री की ठीक से जांच कर लेना चाहिए। पिंपरी चिंचवड़ मनपा सामान्य चुनाव 2025-26 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए चुनाव प्रक्रिया में मतदान से संबंधित सभी नियमों और कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझ लें। मतदान प्रक्रिया को सटीक और सुचारु रूप से चलाने के लिए प्रशिक्षण निश्चित रूप से मार्गदर्शक साबित होगा।
यह बात उपायुक्त पंकज पाटिल ने कही। वे आकुर्डी स्थित ग.दि. माड़गुलकर सभागार में चुनाव कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। तीन सत्रों में आयोजित प्रशिक्षण के पहले सत्र में मतदान प्रक्रिया, मतदान केंद्र की पूर्व तैयारी, चुनाव कानून और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। दूसरे सत्र में ईवीएम मशीनों के उपयोग का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर मशीन चलाने की विस्तृत जानकारी दी गई। तीसरे सत्र में प्रश्नोत्तर के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षण में अतिरिक्त आयुक्त विक्रांत बगाड़े और सह आयुक्त मनोज लोणकर सहित संबंधित समन्वय अधिकारी और मतदान प्रक्रिया के लिए नियुक्त मतदान केंद्राध्यक्ष, मतदान अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
उपायुक्त पंकज पाटिल ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान 15 जनवरी को होने वाले मतदान का समय, मॉक पोल प्रक्रिया, ईवीएम जांच, मतदान के बाद की कार्यवाही, बहुसदस्यीय वार्ड पद्धति के अनुसार मतदान, नोटा विकल्प और दिव्यांग व वरिष्ठ मतदाताओं के लिए सुविधाओं की जानकारी उपस्थित मतदान केंद्राध्यक्षों और मतदान अधिकारियों को दी गई। मतदान केंद्र पर होने वाली हर प्रक्रिया पारदर्शी और रजिस्टर के अनुसार होना चाहिए। मुख्य प्रशिक्षक सतीश मेहेर और अविनाश वालुंज ने मतदान केंद्र के कामकाज की विस्तृत जानकारी दी। ईवीएम प्रदर्शन के लिए आईटीआई के जितेंद्र काथवटे, अरुण वाबले, प्रवीण कोलेकर और योगेश गरड़ ने मार्गदर्शन किया। चूंकि 15 जनवरी सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक मतदान होगा, इसलिए मतदान केंद्र की तैयारी, मशीनों की जांच, मॉक पोल और मतदान शुरू होने से पहले व समाप्त होने के बाद की कार्यवाही के बारे में बताया गया।
Created On :   22 Dec 2025 3:50 PM IST












