Pune City News: लोनावला में भाजपा को झटका: अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस की एकतरफा सत्ता

लोनावला में भाजपा को झटका: अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस की एकतरफा सत्ता
राजेंद्र सोनवणे नगर अध्यक्ष चुने गए

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। पर्यटन नगरी लोनावला नगर परिषद चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) पार्टी के राजेंद्र सोनवणे नगर अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने भाजपा और शिवसेना (शिंदे) पार्टी के उम्मीदवारों को पराजित किया। भाजपा की पूर्व नगर अध्यक्षा सुरेखा जाधव को हार का सामना करना पड़ा है।

लोनावला नगर परिषद की 27 में से 16 सीटों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) पार्टी के उम्मीदवार विजयी हुए हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस की पहली बार नगर परिषद पर सत्ता आई है। पिछली बार एकतरफा सत्ता हासिल करने वाली भाजपा की केवल चार सीट मिली हैं। कांग्रेस के तीन, शिवसेना (ठाकरे) पार्टी का एक और तीन निर्दलीय नगरसेवक चुने गए हैं।

नगर अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) पार्टी के राजेंद्र सोनवणे को 19,529 और भाजपा के गिरीश कांबले को 8,848 मत मिले। सोनवणे 10,681 मतों से विजयी हुए। शिवसेना (शिंदे) के सूर्यकांत वाघमारे को 2,779 और शिवसेना (ठाकरे) के राजेंद्र दिवेकर को 1,922 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। भाजपा की पूर्व नगर अध्यक्षा सुरेखा जाधव को राष्ट्रवादी कांग्रेस की आरती तिकोने ने 484 मतों से हराया। जाधव की बेटी अश्विनी को भी हार का सामना करना पड़ा।

लोनावला के विजयी उम्मीदवार

नगर अध्यक्ष पद पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) पार्टी के सनी दलवी, मंगेश मावकर, अनीता अंबुरे, श्वेता गायकवाड़, लक्ष्मी पालेकर, गायत्री रिले, वसुंधरा दुर्गे, आरती तिकोने, सन्या गोने, दीपा अगरवाल, नयन पालेकर, भाग्यश्री जगताप, जीवन गायकवाड़, धनंजय कालोखे, प्रियंका कोंडे और सोनाली मराठे नगरसेवक चुने गए हैं। भाजपा के सुभाष डेणकर, रेश्मा पठारे, दत्तात्रय येवले और देवीदास कडू ने जीत दर्ज की। कांग्रेस की ओर से उषा चौधरी, वैशाली मोगरे और अनिल गवली विजयी हुए। शिवसेना (ठाकरे) पार्टी की सना चौधरी और निर्दलीय मोबिन इनामदार, सपना कदम व सुमित गवली नगरसेवक पद पर निर्वाचित हुए हैं।

पूर्व राज्यमंत्री बाला भेगड़े को बड़ा झटका

भाजपा के लोनावला प्रभारी और पूर्व राज्यमंत्री बाला भेगड़े, पूर्व नगर अध्यक्षा सुरेखा जाधव और शिवसेना की ओर से नगर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे रिपब्लिकन पार्टी (आठवले गुट) के सूर्यकांत वाघमारे ने चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था। लोनावला की राजनीति लोनावला के लोग ही तय करेंगे, यह मुद्दा काफी चर्चा में रहा था। इसके साथ ही विकास कार्यों को लेकर विधायक सुनील शेलके और भाजपा की पूर्व नगर अध्यक्षा सुरेखा जाधव के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चला था, लेकिन अंततः जाधव को हार का सामना करना पड़ा और विधायक सुनील शेलके ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है।

Created On :   22 Dec 2025 3:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story