पुणे: येरवडा के जेल अधिकारी पर कैदियों के गिरोह का जानलेवा हमला, कलाई की हड्‌डी टूटी

येरवडा के जेल अधिकारी पर कैदियों के गिरोह का जानलेवा हमला, कलाई की हड्‌डी टूटी
  • जेल अधिकारी को लात-घूसों से बेरहमी से पीटा
  • मारपीट में कलाई की हड्‌डी टूटी

डिजिटल डेस्क, पुणे। अपराधियों का आतंक इस कदर बढ़ गया है जेल में कैद होने के बाद भी उनकी हिमाकत कम नहीं हो रही है। येरवडा सेंट्रल जेल में गंभीर अपराधों के लिए सजा काट रहे विचाराधीन कैदियों के गिरोह ने एक जेल अधिकारी को लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। एक कैदी ने कार्यालय की कुर्सी उठाकर अधिकारी को पीटने की कोशिश की, लेकिन बैरक में मौजूद अन्य कैदियों ने उन्हें रोक लिया। कैदियों हमले में जेल अधिकारी की आंख पर चोट लगी और उनकी बायीं कलाई की हड्‌डी टूट गई। प्रारंभिक जानकारी यह सामने आ रही है कि जेल अधिकारी की गाली गलौज के कारण कैदियों ने उन पर हमला किया है।

जेल में सजा काट रहे कैदियों द्वारा सीधे जेल अधिकारी पर हमला किए जाने से भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराए जाने की आशंका है। जेल प्रशासन के मुताबिक, कैदियों के हमले में घायल हुए जेल अधिकारी का नाम शेर खान पठान है। उनका अस्पताल में इलाज जारी है। विक्की बालासाहेब कांबले, प्रकाश विट्ठल रेनुसे और दस अन्य कैदियों के खिलाफ येरवडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया जा रहा है। येरवडा पुलिस की टीम जेल में जाकर इस हमले के बारे में विस्तृत जानकारी ले रही है। जेल अधिकारी पर जानलेवा हमला करने वाले कैदी पुणे के कुख्यात गैंगस्टर आंदेकर गिरोह के सदस्य बताये जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल अधिकारी शेरखान पठान को कुछ महीने पहले येरवडा जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। वे सर्कल नंबर एक में नियुक्त हैं। गुरुवार की सुबह उनका किसी कारण से विचाराधीन कैदियों कांबले और रेनूसे के साथ विवाद हो गया। इससे गुस्साए कांबले और रेनुसे ने जेल अधिकारी पठान के साथ हाथापाई शुरू कर दी। अत: जब पठान ने भी दोनों कैदियों को पीटना शुरू कर दिया तो उनके दस साथी आगे बढ़े और लात-घूंसों से पठान को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक ने पड़ोस के दफ्तर में जाकर लकड़ी की कुर्सी उठा लाई और पठान के सिर पर मारने की कोशिश की। हालाँकि घेरे में मौजूद कुछ कैदियों ने समय रहते कुर्सी मारने जा रहे कैदी को रोक लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। कैदियों द्वारा की गई अमानवीय मारपीट में जेल अधिकारी पठान की आंख जख्मी हो गयी और बाएं हाथ की कलाई टूट गई। इस घटना से जेल में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने तुरंत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया और पीटे गए कैदियों को अलग-अलग सर्कल में बने बैरकों में बंद कर दिया।

Created On :   15 Feb 2024 2:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story