Pune City News: टूर एंड ट्रेवल्स में निवेश के नाम पर महिला से 18.35 लाख की ठगी

टूर एंड ट्रेवल्स में निवेश के नाम पर महिला से 18.35 लाख की ठगी
  • हर महीने 60 से 70 हजार रुपये रिटर्न का दिया था लालच
  • ‘वन वर्ल्ड टूर एंड ट्रेवल्स’ के नाम पर वर्षों तक चलता रहा धोखाधड़ी का खेल

भास्कर न्यूज, पिंपपरी-चिंचवड़। टूर एंड ट्रेवल्स के व्यवसाय में निवेश कर हर महीने भारी मुनाफा देने का लालच देकर एक महिला से साढ़े 18 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक धोखाधड़ी किए जाने का मामला पिंपरी इलाके में सामने आया है। इस प्रकरण में पिंपरी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना वर्ष 2017 से 4 फरवरी 2026 के बीच शगुन चौक, पिंपरी स्थित जवाहर लाइट्स इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में घटित हुई।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जयेश शिवराज चौधरी (40), निवासी साई चौक, पिंपरी ने शिकायतकर्ता महिला को अपने ‘वन वर्ल्ड टूर एंड ट्रेवल्स’ नामक व्यवसाय में निवेश करने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने महिला को आश्वासन दिया कि यदि वह 25 लाख रुपये का निवेश करती है तो उसे हर महीने 60 से 70 हजार रुपये का तय रिटर्न मिलेगा। आरोपी की बातों पर विश्वास कर महिला ने उसे 25 लाख रुपये का चेक सौंप दिया।

आरोप है कि चेक भुनाने के बाद आरोपी ने शुरुआत में कुछ रकम लौटाकर विश्वास बनाए रखा, लेकिन बाद में केवल 6 लाख 62 हजार 241 रुपये ही लौटाए। शेष 18 लाख 35 हजार 759 रुपये और मासिक रिटर्न देने में वह लगातार टालमटोल करता रहा। लंबे समय तक रकम वापस न मिलने पर पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ।

इसके बाद पीड़िता ने पिंपरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी जयेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की धोखाधड़ी और किन लोगों के साथ की है।

Created On :   5 Feb 2026 7:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story