Raver News: तूफानी बारिश से रावेर तालिका में केले-मक्के की फसलों को लगभग 9 करोड़ का नुकसान

तूफानी बारिश से रावेर तालिका में केले-मक्के की फसलों को लगभग 9 करोड़ का नुकसान
  • 251 किसानों की 226 हेक्टेयर फसल प्रभावित
  • एक किसान को 50 लाख का नुकसान
  • किसानों की मदद के लिए किया जाएगा फॉलोअप

Raver News. तालिका में हुई बेमौसम तूफानी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, किसानों की केले और मक्के की फसलों को करीब 9 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस आपदा से तालुका के 34 गांव प्रभावित हुए हैं, जहां 251 किसानों की 226 हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं।

विधायक अमोल जावले ने प्रशासन को तुरंत पंचनामा करने के निर्देश दिए। इसके बाद ट्रेनी डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार दीपा जेधे, डिप्टी तहसीलदार संजय तायड़े और तालुका कृषि अधिकारी भाऊसाहेब वाल्के ने मौके का जायजा लेकर पंचनामा प्रक्रिया शुरू की।

बताया गया कि बुधवार को तालुका के कुछ गांवों में तूफानी बारिश से केले के बागानों को नुकसान हुआ था। इसके अगले दिन गुरुवार शाम तेज हवा के साथ हुई बेमौसम बारिश ने नुकसान और बढ़ा दिया। कृषि विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार, 34 गांवों में केले और मक्के की फसलों को भारी क्षति पहुंची है।

251 किसानों की 226 हेक्टेयर फसल प्रभावित

इस प्राकृतिक आपदा से कुंभारखेड़ा, सावखेड़ा, वाघोड़ा बुद्रुक, सिंगत, तंडलवाड़ी, थोरगांव, चुनवाड़े, मांगी, खिरोदा, प्रयावल, कलामोडे, कोचुर खुर्द, कोचुर बुद्रुक, बोरखेडेसिम, अजनाद, अटवाड़े, दोधे, वाघोड़ा खुर्द, खिर्डी खुर्द, गोलवाड़ा, भामलवाड़ी, बलवाड़ी, शिंगाडी, गेट, चिनावल, ऐनपुर, निंबोल, विटवे, सांगवे, अजंदे, होल, नंदुरखेड़ा, भोर और खानापुर सहित 34 गांवों के किसान प्रभावित हुए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 194 हेक्टेयर में केले के बागान और 30 हेक्टेयर में मक्के की फसल को नुकसान हुआ है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार दीपा जेधे, डिप्टी तहसीलदार संजय तायड़े, कृषि अधिकारी भाऊसाहेब वाल्के, एग्रीकल्चर प्रोड्यूस मार्केट कमेटी के चेयरमैन प्रल्हाद पाटिल, विधायक अमोल जावले के निजी सहायक संदीप पाटिल सहित राजन लासुरकर, सूर्यकांत देशमुख, महेंद्र पाटिल, जयेश कुयटे और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक किसान को 50 लाख का नुकसान

अटवाड़े गांव के युवा किसान और एपीएमसी डायरेक्टर जयेश कुयटे के निर्यात योग्य केले के बागान को भारी नुकसान हुआ है। बताया जाता है कि एक दिन पहले ही जिला कलेक्टर रोहन घुगे ने उनके बागान का निरीक्षण कर उनकी बेहतरीन बागवानी और गुणवत्ता उत्पादन की सराहना की थी, लेकिन अगले ही दिन आई बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।

किसानों की मदद के लिए किया जाएगा फॉलोअप

विधायक अमोल जावले ने कहा कि रावेर विधानसभा क्षेत्र में बेमौसम बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र ही वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है और प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए शासन स्तर पर लगातार फॉलोअप किया जाएगा।

Created On :   3 April 2026 9:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story