Rewa news: डॉ. सोनल अग्रवाल बर्खास्त, अथर्व ब्लड सेंटर के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश, ड्रग इंस्पेक्टर सस्पेंड

डॉ. सोनल अग्रवाल बर्खास्त, अथर्व ब्लड सेंटर के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश, ड्रग इंस्पेक्टर सस्पेंड
आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के आदेश

डिजिटल न्यूज़ रीवा

जीएमएच में कल्पना मिश्रा सहित नवजात की मौत के मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग के बीच डॉ.सोनल अग्रवाल के बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिए गए हैं। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के डीन द्वारा कार्यकारिणी समिति के द्वारा पारित संकल्प अनुसार सहायक प्राध्यापक प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग डॉ.सोनल अग्रवाल की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। गौरतलब है कि कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में उपचार में लापरवाही के आरोप पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। डॉ.सोनल अग्रवाल के विरुद्ध 2023 में एक शिकायत पर विधानसभा में भी मामला उठा था। जिस पर उनके ऊपर कार्रवाई चल रही थी। इसके साथ ही कल्पना मिश्रा मामले में अथर्व ब्लड सेंंटर की अनियमितता के संबंध में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के भी आदेश जारी हो गए हैं। वहीं ड्रग इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।

कार्यालय आयुक्त, खाद्य सुरक्षा नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन से बुधवार को जारी आदेश के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पदेन खाद्य एवं औषधि प्रशासन को यह निर्देशित किया गया है कि औषधि निरीक्षक के माध्यम से अथर्व ब्लड सेंटर जिला रीवा द्वारा की गई अनियमिता के संबंध में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराकर अवगत कराएं। वहीं एक अन्य आदेश में औषधि निरीक्षक राधेश्याम बट्टी को निलंबित कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई कल्पना मिश्रा की मृत्यु के संबंध में संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के पत्र पर गठित जांच समिति की कार्रवाई के अनुक्रम में की गई है।

Created On :   17 Sept 2026 1:07 PM IST

Tags

Next Story