Rewa News: जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य आयोजन, शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य आयोजन, शामिल हुए उप मुख्यमंत्री
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को अतिथियों द्वारा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

डिजिटल डेस्क,रीवा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मां शारदा धाम इटारपहाड़ में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल उपस्थित रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक नागेन्द्र सिंह ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेत्री रश्मि राजा सिंह, जिला पंचायत सदस्य लालमणि त्रिपाठी, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. बीके शुक्ला एवं भाजपा मंडल गुढ़ के अध्यक्ष अनंत कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास का अभिन्न अंग है। भगवान बिरसा मुंडा ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान के माध्यम से देश को स्वाभिमान, स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। उनका जीवन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। आयोजन के दौरान श्रीरामचरितमानस पाठ का समापन, सामूहिक कन्या पूजन, प्रसाद वितरण तथा जनजातीय पारंपरिक लोककला, लोकनृत्य एवं संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। ग्राम पंचायत इटारपहाड़ के सरपंच विनय जायसवाल एवं सचिव रमेश कुमार तिवारी ने आयोजन समिति के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को अतिथियों द्वारा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सरपंच विनय जायसवाल ने किया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुढ़ सुधाकर सिंह, रायपुर कर्चुलियान के एसडीएम संजय कुमार जैन, डॉ. गोविंद नारायण श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह, लक्ष्मीकांत शुक्ला, रावेंद्र मिश्रा, अनिल सिंह, आलेश पयासी, बीके पाण्डेय, कपिल पयासी आदि उपस्थित रहे।

Created On :  

Next Story