- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- मनगवां ओवरब्रिज की सड़क सालभर में...
Rewa/Mangwan news: मनगवां ओवरब्रिज की सड़क सालभर में चौपट : आंदोलन की चेतावनी

डिजिटल न्यूज़ रीवा /मनगवां
नेशनल हाईवे-30 पर मनगवां में पिछले वर्ष बनाया गया नवीन 6 लेन ओवरब्रिज महज एक साल के भीतर ही सवालों के घेरे में आ गया है। ओवरब्रिज पर जगह-जगह सड़क का डामरीकरण उखड़ चुका है। ब्रिज के चढ़ने और उतरने वाले हिस्से में सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। यही हाल डायवर्सन रोड का भी है, जहां बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।
ओवरब्रिज के दोनों ओर सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि कई स्थानों पर बड़े गड्ढे खाई जैसे नजर आ रहे हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालकों के साथ चार पहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार खराब सड़क और गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए सिक्स लेन ओवरब्रिज की सड़क आखिर इतनी जल्दी कैसे उखड़ गई? निर्माण की गुणवत्ता और सड़क निर्माण में अपनाए गए मापदंडों को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।
निर्माण कंपनी पर मनमानी के आरोप
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ओवरब्रिज एवं उससे जुड़े मार्गों के निर्माण में राम सज्जन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा मनमानी की गई। निर्माण के दौरान भी स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य को लेकर विरोध जताया था। अब महज एक वर्ष के भीतर सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया गया होता तो इतनी कम अवधि में सड़क की यह दुर्दशा नहीं होती।
मेंटेनेंस की जिम्मेदारी फिर भी मरम्मत क्यों नहीं?नागरिक मंच के संयोजक रामेश्वर गुप्ता ‘लल्लू नेता’ ने जारी बयान में कहा कि एनएच-30 पर हाल में तैयार किया गया सिक्स लेन ओवरब्रिज, उसका बाईपास तथा आने-जाने वाले मार्गों का डामरीकरण उखड़ना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि एग्रीमेंट के तहत निर्माण एजेंसी पर सड़क और ओवरब्रिज के रखरखाव की जिम्मेदारी कई वर्षों तक है, तो फिर सड़क की मरम्मत समय पर क्यों नहीं कराई जा रही है। शिकायतों के बावजूद यदि गड्ढे नहीं भरे जा रहे हैं तो यह व्यवस्था की गंभीर लापरवाही है।
‘सड़क नहीं बनी तो धरना देंगे’
रामेश्वर गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ओवरब्रिज और डायवर्सन रोड की मरम्मत नहीं कराई गई तथा बड़े गड्ढों को नहीं भरा गया तो नागरिक मंच सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार और संबंधित निर्माण कंपनी जिम्मेदार होगी।
Created On :   13 Sept 2026 2:20 PM IST












