Rewa news: हरतालिका तीज की तैयारी में जुटी महिलाएं सोमवार को व्रत

हरतालिका तीज की तैयारी में जुटी महिलाएं सोमवार को व्रत

डिजिटल न्यूज़ रीवा

हिंदू धर्म की सदियों पुरानी परंपरा के चलते हरतालिका तीज और कजलियां पर्व को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. व्रत रखने वाली महिलाएं अपनी पारंपरिक तैयारियों में पूरी तरह जुट गई हैं। भाद्रपद मास की शुक्ल तृतीया को मनाए जाने वाले इस महापर्व के लिए रीवा के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार की सामग्री, फल और पूजा के सामान की जमकर खरीदारी कर रही हैं वही कुंवारी कन्याएं भी अपने व्रत की तैयारी को लेकर बाजार में खरीदारी कर रही हैं। महिलाएं तीज के लिए विशेष तौर पर लाल, हरी या सुनहरी साड़ियां, हरी चूड़ियाँ और आभूषण खरीद रही हैं। हाथों में गहरी रचने वाली मेहंदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लरों और बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। महिलाओं की भीड़ को देखते हुए रीवा शहर के प्रकाश चौराहा जानकी पार्क शिल्पी प्लाजा हम अमहिया मार्ग सिरमौर चौराहा जैसे क्षेत्रों में हरतालिका तीज से संबंधित सामग्रियों की दुकानें सजाई गई हैं यहां पर जमकर खरीदारी हो रही है.

बाजार में खीरा की भरमार

हरतालिका तीज को देखते हुए बाजार में खीर की भरमार है. इस त्यौहार में व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए खीरा का व्यापक महत्व है. इसी तरह से कांजी के दातुन का भी इस व्रत के लिए काफी महत्व है. इन दोनों सामग्रियों की बाजार में तमाम दुकानें लगाई गई है और महिलाएं इसकी खरीदारी कर रही है.

रविवार की रात से होगी शुरुआत

हरतालिका तीज के लिए व्रत रखने की शुरुआत रविवार की रात से होती है. प्रतिदिन की तरह रात्रि का भोजन करके महिलाएं दातुन करेगी और इसके बाद खीरा खाकर व्रत की शुरुआत करेंगी. सोमवार को पूरे दिन और रात महिलाएं व्रत रखेंगी. इस संबंध में शहर निवासी अनुराधा श्रीवास्तव ने बताया कि विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए 24 घंटे का बेहद कठिन निर्जला व्रत (बिना अन्न और पानी के) रखने की तैयारी कर रही हैं। मंगलवार को सुबह महिलाएं अपना व्रत तोड़ेंगी.

घर घर में फुलेरा की तैयारी

शहर निवासी श्लेषा शुक्ला ने बताया कि हरतालिका तीज को लेकर व्रत रखने वाली महिलाएं अपने-अपने घरों में भगवान शंकर और पार्वती की पूजा अर्चना के लिए तैयारी कर रही है. सोमवार की रात को महिलाएं अपने घरों में फुलेरा सजाएंगी. इसी के सामने पूजा पाठ किया जाएगा. बहुत सी महिलाएं भजन कीर्तन के साथ रात्रि जागरण भी करेंगी. दूसरे दिन सुबह स्नान करने के बाद पूजा पाठ करेंगी और अपना व्रत तोडेंगी.तीज की शाम को महिलाएं माता पार्वती और भगवान भोलेनाथ की बालू और मिट्टी से बनी प्रतिमाएं स्थापित कर रातभर जागकर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना करती हैं।

घर घर में तैयार हो रहे पकवान

तीज त्यौहार को लेकर महिलाएं अपने-अपने घरों में रविवार से पकवान बनाने की शुरुआत कर दी है. यहां के पारंपरिक पकवान सामान्य मिठाइयों के साथ-साथ

मुख्य रूप से मालपुआ, खीर, गुजिया, पूरी-आलू और कचौरी नमकीन जैसे पारंपरिक और स्वादिष्ट पकवान बनाए जा रहे हैं।

नदी घाटों पर सुरक्षा

रीवा शहर की ऐतिहासिक बीहर और बिछिया नदियों के घाटों को विशेष तौर पर सजाया जा रहा है। यहाँ महिलाएं कजलियां विसर्जन और तीज के पावन स्नान के लिए सुबह से ही पारंपरिक लोकगीत गाते हुए पहुंचती हैं। प्रशासन ने भी बीहर और बिछिया नदी के मुख्य घाटों पर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं ताकि त्योहार का आनंद सुरक्षित तरीके से लिया जा सके।

Created On :   13 Sept 2026 2:35 PM IST

Tags

Next Story