रीवा न्यूज: राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद, प्रकृति संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को कराया गया बोध

डिजिटल डेस्क रीवा |
विकासार्थ विद्यार्थी अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा इकाई द्वारा पाँचवीं राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद अंतर्गत विश्वविद्यालय स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन पर्यावरण जीव विज्ञान विभाग, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय विषयों के प्रति जागरूकता, तार्किक चिंतन, संवाद क्षमता एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा। उद्घाटन सत्र में डॉ. सुनील पाण्डेय प्रांत अध्यक्ष अभाविप महाकौशल; डॉ. चंद्रमणि तिवारी सहायक प्राध्यापक एवं प्रभारी विभागाध्यक्ष भौतिकी शास्त्र विभाग अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, डॉ. अंशुरानी पटेल सहायक प्राध्यापक पर्यावरण जीव विज्ञान विभाग एवं कार्यक्रम समन्वयक तथा पवन द्विवेदी, प्रांत सह मंत्री अभाविप महाकौशल मंचासीन रहे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए डॉ. अंशुरानी पटेल ने पर्यावरण संरक्षण की वर्तमान आवश्यकता एवं युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय चुनौतियाँ केवल किसी एक वर्ग या क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका प्रभाव संपूर्ण मानव समाज पर पड़ता है। ऐसे में युवाओं का पर्यावरण के प्रति जागरूक होना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना तथा प्रकृति और विकास के बीच संतुलन को समझना अत्यंत आवश्यक है। डॉ. सुनील पाण्डेय ने अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों को पर्यावरणीय विषयों पर अध्ययन, चिंतन एवं तार्किक अभिव्यक्ति के साथ सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल चर्चा का विषय न रहकर व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। युवाओं को प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझते हुए उनके संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भूमिका निभानी चाहिए।
विश्वविद्यालय स्तरीय चयन प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी तार्किक क्षमता, विचार अभिव्यक्ति, विषय की समझ एवं संवाद कौशल प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती है। इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने तथा सकारात्मक विमर्श की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ सुनील पाण्डेय, डॉ चंद्रमणि तिवारी, डॉ अंशुरानी पटेल, डॉ प्रमिला सिंह एवं डॉ शमा अंसारी की उपस्थित रही। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास के प्रति युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया
गया।
Created On :  
