Rewa news: उपमुख्यमंत्री ने किया अस्पताल के निर्माणाधीन भवनों का अवलोकन

उपमुख्यमंत्री ने किया अस्पताल के निर्माणाधीन भवनों का अवलोकन
उप मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों को दिए निर्देश

डिजिटल न्यूज़ रीवा

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संजय गांधी अस्पताल रीवा में निर्माणाधीन विभिन्न भवनों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बन रहे 750 बेड वाले अत्याधुनिक मैटरनिटी अस्पताल और 300 बेड वाले सर्व सुविधायुक्त कैंसर अस्पताल भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित निर्माण एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विंध्य क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इन उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। श्री शुक्ल ने कहा कि 750 बेड के मैटरनिटी अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार आएगा और गर्भवतियों व नवजात शिशुओं को एक ही छत के नीचे बेहतर देखभाल मिल सकेगी। वहीं 300 बेड का कैंसर अस्पताल स्थापित होने से कैंसर के मरीजों को प्रारंभिक जांच और उन्नत इलाज के लिए भोपाल, इंदौर या दिल्ली जैसे बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक तकनीक उपलब्ध होने से कैंसर की सटीक पहचान और उपचार संभव होगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, निर्माण विभाग के इंजीनियर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Created On :   7 Oct 2026 2:41 PM IST

Tags

Next Story