- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- रक्षाबंधन की भीड़ में थमा शहर,...
Satna news: रक्षाबंधन की भीड़ में थमा शहर, रेलवे स्टेशन से बाजार तक जाम

डिजिटल न्यूज़ सतना
रक्षाबंधन की खरीदारी के बीच शहर में दूसरे दिन भी जाम लगा रहा। बाजारों में भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते गुरुवार को भी कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। एक दिन पहले बाजारों में लगे जाम के बावजूद यातायात व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति रेलवे स्टेशन के बाहर देखने को मिली। स्टेशन पहुंचने और यात्रियों को लेने-छोडऩे आए वाहनों की संख्या बढऩे से सडक़ पर इस कदर दबाव बना कि यातायात लगभग पूरी तरह थम गया। कार, ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन एक-दूसरे के पीछे फंसे रहे। हालात यह रहे कि वाहनों के बीच पैदल निकलने तक की जगह नहीं बची। यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पन्नीलाल चौक, जयस्तंभ चौक, शास्त्री चौक, गौशाला चौक और हनुमान चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
पैदल चलने में भी परेशानी
त्योहार की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले लोग दुकानों के सामने ही वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे पहले से व्यस्त सडक़ों की चौड़ाई और कम हो गई है। कई स्थानों पर ठेले और अस्थायी दुकानें भी सडक़ किनारे होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। जाम में फंसने के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ सेमरिया चौक से लेकर बिरला रोड में भी जाम की स्थिति गंभीर रही। इसके अलावा ऑटो रिक्शा के साथ यात्री वाहनों में जमकर ओवर लोडिंग भी देखने को मिली। ३ सीटर ऑटो में १० से अधिक सवारियां दिखीं।
Created On :   28 Aug 2026 1:13 PM IST










