- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- नरवाई की आग से एक और गृहस्थी खाक,...
Satna News: नरवाई की आग से एक और गृहस्थी खाक, बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी नष्ट

डिजिटल डेस्क,सतना। नरवाई जलाने के लिए खेतों में लगाई जा रही आग से भीषण तबाही की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले कई दिनों से दोनों जिलों में सामने आ रहीं घटनाओं के बावजूद प्रशासन कड़े कदम उठाने से हिचक रहा है। इसी बीच सोमवार को जिले के रामपुर बाघेलान, कोटर, उचेहरा, नागौद तो मैहर के अमरपाटन, रामनगर और मैहर तहसील में कई जगह आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रामपुर बाघेलान क्षेत्र के ऐरा गांव में नरवाई से लगी आग इतनी तेजी से फैली कि अयोध्या सिंह का मकान चपेट में आ गया और पूरी गृहस्थी खाक हो गई।
इस घटना में घर समेत अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी, बेटी की शादी के लिए जुटाई गई ज्वेलरी के अलावा थ्रेसर और मोटर पंप भी बर्बाद हो गया। यहां तक कि खाने के लिए दाने और पहनने के लिए कपड़े भी नहीं बचे। यह आग पड़रिया की तरफ से तेज हवा के साथ ऐरा पहुंची थी, जिस पर काबू पाने में ग्रामीणों को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी।
इन जगहों पर भी भारी नुकसान
वहीं रामनगर क्षेत्र में तुर्की, चौरासी बाबा समेत कई गांवों में नरवाई की आग से भारी तबाही मच गई, तो कोटर कस्बे में भी आग की लपटों ने नगर परिषद के रहवासियों में डर पैदा कर दिया।
तेज हवा के साथ लपटें आबादी क्षेत्र तक पहुंचने लगीं थीं, जिस पर फायर ब्रिगेड ने किसी तरह काबू पाया। उधर नागौद थाना क्षेत्र के पिपरोखर गांव के खेतों की नरवाई जलाने के लिए लगाई गई आग फैलकर सड़क तक पहुंच गई और कई पेड़ों को भी चपेट में ले लिया। तेज लपटों और धुएं के कारण काफी देर तक यातायात भी ठप रहा। अन्य स्थानों से भी आग के कारण नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
Created On :   28 April 2026 1:12 PM IST












