- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- साल्वेंट प्लांट में लगी भीषण आग, एक...
Satna News: साल्वेंट प्लांट में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी जिंदा जला, दूसरे की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क,सतना। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरपाटन रोड पर संचालित साल्वेंट प्लांट (तेल मिल) में अज्ञात कारणों से आग भड़क गई, जिसकी चपेट में आने से एक कर्मचारी जिंदा जल गया, तो वहीं एक गंभीर रूप से झुलस गया। भीषण आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम के दमकल कर्मियों को लगभग 4 घंटे तक जद्दोजहद करनी पड़ी।
सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि अमरपाटन रोड पर भटनवारा के पास स्थित विद्याश्री साल्वेंट प्लांट में सोमवार की शाम को तकरीबन साढ़े 7 बजे अज्ञात कारणों से आग भडक़ गई, जो भूसी और तेल के संपर्क में आकर इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा परिसर लपटों से घिर गया।
घटना के समय मौके पर 4 से 5 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से कुछ तो बाहर की तरफ भाग निकले, मगर तिघरा निवासी दिलावर सिंह परिहार और मुन्नू केवट अंदर ही फंस गए।
आग इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर से उसकी लपटें देखी जा सकतीं थीं। इस बीच आगजनी की खबर लगते ही पुलिस टीम के साथ नगर निगम के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, जिनकी मदद से बचाव के प्रयास शुरू किए गए।
ढाई घंटे बाद एक की जली बॉडी, तो दूसरा घायल मिला
लगभग ढाई घंटे की कोशिशों के बाद अंदर फंसे एक कर्मचारी मुन्नू केवट को बाहर निकालकर एंबुलेंस से आनन-फानन जिला अस्पताल रवाना किया गया, मगर दिलावर को बचाया नहीं जा सका। सर्चिंग में युवक की पूरी तरह जल चुकी बॉडी के अवशेष ही हाथ लगे, जिसे कब्जे में लेकर मरचुरी भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, आग पूरी तरह काबू में आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि लपटें कहां से शुरू हुईं और कैसे फैलीं। मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, उचेहरा एसडीएम सोमेश द्विवेदी और सिटी कोतवाल रावेन्द्र द्विवेदी समेत भारी पुलिस बल मौजूद था।
लखनऊ का व्यापारी कर रहा था संचालन
भीषण आग की चपेट में आई राइस मिल के मालिक सतना निवासी सौरभ जैन हैं, जिनसे किराये पर लेकर लखनऊ निवासी वीरेन्द्र प्रधान संचालन कर रहे थे। यहां पर धान की भूसी से तेल बनाने का काम किया जा रहा था।
इस घटना से आक्रोशित मृतक और घायलों के परिजन अमरपाटन-सतना रोड में धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात ठप हो गया। यह देखकर मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी उन्हें समझाइश देने में जुट गए।
Created On :   19 May 2026 3:28 PM IST












