Satna News: चलती ट्रेन से पति को गिरते देख पत्नी भी कूदी, महिला की हालत गंभीर

चलती ट्रेन से पति को गिरते देख पत्नी भी कूदी, महिला की हालत गंभीर
मैहर रेलवे स्टेशन पर हादसा, अचानक हुए घटनाक्रम के चलते कुछ देर के लिए रेलवे स्टेशन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर रेलवे स्टेशन पर शनिवार की शाम को चलती ट्रेन में चढऩे के दौरान पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बिहार के नवादा जिला अंतर्गत संगवेज ग्राम निवासी रामाधार पुत्र उमर शाह, अपनी पत्नी आशा देवी शाह के साथ देवी दर्शन के लिए मैहर आए थे।

मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात शनिवार शाम को दोनों लोग वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे, तब प्लेटफार्म-1 पर मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस छूट रही थी। यह देखकर पति-पत्नी तेजी से आगे बढ़े और आशादेवी एक बोगी में चढ़ गईं, मगर रामाधार संतुलन बिगडऩे से कुछ दूर तक गेट पर लटकने के बाद प्लेटफार्म पर गिर गए।

उधर जैसे ही महिला की नजर पति पर पड़ी तो घबराहट में वह ट्रेन से कूद गई और पटरी के बीच जा गिरी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनके पति को मामूली चोटें आई हैं। अचानक हुए घटनाक्रम के चलते कुछ देर के लिए रेलवे स्टेशन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।

Created On :   11 Oct 2026 3:03 PM IST

Next Story