Satna News: कोलगवां थाना अंतर्गत बांधवगढ़ कॉलोनी में एक ही दिन पति-पत्नी की मौत से पसरा मातम

कोलगवां थाना अंतर्गत बांधवगढ़ कॉलोनी में एक ही दिन पति-पत्नी की मौत से पसरा मातम
एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत की खबर से परिवार के साथ ही आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।

डिजिटल डेस्क,सतना। कोलगवां थाना अंतर्गत बांधवगढ़ कॉलोनी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ कॉलोनी निवासी ओम सोनेजा (55) की शनिवार को दोपहर करीब 1.30 बजे हार्ट अटैक जैसी स्थिति में मौत हो गई।

पति की अचानक मौत की खबर जब उनकी पत्नी मनीषा सोनेजा (52) को मिली तो वे गहरे सदमे में आ गईं। बताया जा रहा है कि पति की मौत की खबर सुनने के बाद मनीषा को अचानक चक्कर आया और वह गिर पड़ीं। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और शाम करीब 7 बजे उनकी भी मौत हो गई।

एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत की खबर से परिवार के साथ ही आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कॉलोनी में शोक की लहर है और परिचित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। एक साथ दो अपनों को खोने से परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Created On :   11 Oct 2026 3:05 PM IST

Next Story