सतना न्यूज: प्रतिबंधित शराब के संग्रहण और बिक्री पर आदतन बदमाश पकड़ाया

प्रतिबंधित शराब के संग्रहण और बिक्री पर आदतन बदमाश पकड़ाया
आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज, जांच शुरू

डिजिटल डेस्क सतना। प्रतिबंधित बैच की शराब का संग्रहण कर फोन पर होम डिलेवरी देने वाले एक आरोपी को आबकारी अमले ने रंगेहाथ पकडऩे के साथ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक आशीष वाटिया ने बताया कि एफएसएसएआई के द्वारा मानकों के उल्लंघन पर ओल्ड मोंक कंपनी की रम को बिक्री के लिए प्रतिबंधित किया गया था, मगर बाद में नियम कायदों का पालन सुनिश्चित होने पर अगस्त 2026 के बाद बनाई गई मदिरा को बेंचने की इजाजत दे दी गई, मगर आदतन बदमाश सुधीर उर्फ शीबू पुत्र संतोष जायसवाल 25 वर्ष, निवासी उतैली, थाना कोलगवां ने मुनाफाखोरी की लालच में किसी शराब ठेकेदार से मिली भगत कर फरवरी 2026 बैच की प्रतिबंधित ओल्ड मोंक रम का भारी मात्रा में संग्रहण कर लिया।

तब हरकत में आई टीम---

हाल ही में मुखबिर के जरिए यह खबर लगने पर निगरानी बढ़ाई गई और 15 दिन पहले फोन पर ऑर्डर देकर एक पेटी ओल्ड मोंक रम खरीद कर तस्दीक करने के साथ जांच के लिए सेम्पल लैब में भेज दिया गया, तो वहीं उसे रंगेहाथ पकडऩे के लिए शनिवार शाम को फिर जाल बिछाते हुए शराब का आर्डर दिया गया। इस दौरान जैसे ही आरोपी अपनी बाइक से दो बॉटल प्रतिबंधित रम लेकर आया तो उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी के कब्जे से शराब और बाइक समेत 78 हजार 170 रुपए का सामान जब्त कर घर की सघन तलाशी ली गई, मगर शेष मदिरा नहीं मिली। माना जा रहा है कि कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी ने किसी की मदद से ज्यादातर माल अज्ञात स्थान पर छिपा दिया है। बताया गया है कि सुधीर का पूरा घर अवैध कारोबार में लिप्त है।

पूरा परिवार अवैध धंधे में लिप्त---

वर्तमान समय पर उसका पिता संतोष और बड़ा भाई आबकारी एक्ट के मामले में जेल में बंद है। जबकि सुधीर और उसकी मां ऐसे ही एक प्रकरण में कई महीनों तक जेल में रहने के बाद 15 दिन पहले ही जमानत पर छूटे हैं। शातिर बदमाश के खिलाफ 14 प्रकरण पहले से दर्ज हैं। अब उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।


Created On :   11 Oct 2026 4:00 PM IST

Tags

Next Story