सिवनी न्यूज: छपारा अग्निहादसा : दो की दम घुटने से हुई मौत, 4 की शॉक लगने से गई जान

छपारा अग्निहादसा : दो की दम घुटने से हुई मौत, 4 की शॉक लगने से गई जान
छपारा अग्निहादसे की मजिस्ट्रियल जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के लिए गए बयान

डिजिटल डेस्क, सिवनी दीपावली की रात छपारा के महावीर वार्ड जैन मोहल्ला स्थित घर पर हुए अग्निहादसे में हुई 6 मौतों को लेकर शॉर्ट पीएम रिपोर्ट की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घर के मुखिया कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी, बहुएं स्मृति व सूर्या की मौत शॉक लगने से हुई हैं। जबकि मृतक कुंदन की इंदौर निवासी बेटी ऋतु व उनके पुत्र आदित्य की मौत दम घुटने से होना बताई जा रही है। एसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच जिला प्रशासन करा रहा है। वहीं, छपारा थाना में मर्ग कायम कर सूक्ष्मता से विवेचना की जा रही है। लखनादौन एसडीओपी अपूर्व भलावी से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि घर के भीतर के सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पाए हैं। सीसीटीवी कैमरे जलकर पूरी तरह से पिघल गए। एलईडी टीवी का नामोनिशान तक नहीं मिला। डीवीआर तक नहीं मिल पाया है। अभी विवेचना की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति और ज्यादा स्पष्ट हो पाएगी।

2_ सिवनी दीपावली की रात छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में कुंदन लाल सोनी के आवास पर हुए अग्निहादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरु हो गई है। कलेक्टर अंजू अरूण कुमार ने घटना के बाद मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए थे। लखनादौन एसडीएम अर्जुन सिंह ठाकुर ने घटना के दौरान मौके पर मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों के साथ ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों के बयान भी लिए गए हैं। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के बयान भी एसडीएम श्री ठाकुर द्वारा लिए जाएंगे। जानकारी के अनुसार मजिस्ट्रियल जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। एसडीएम द्वारा पुलिस से एफएसएल रिपोर्ट मांगे जाने की जानकारी भी मिली है। बिजली कंपनी से प्रतिवेदन भी मांगा गया है। सम्पूर्ण तथ्यों की जांच के बाद घटना का कारण सामने आने की बात कही जा रही है। मजिस्ट्रियल जांच प्रतिवेदन में एसडीएम लखनादौन द्वारा यह भी बताया जाएगा कि क्या-क्या कदम व सावधानियां बरती जाएं, ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए।

6 की गई जान, 4 बचे

सोना-चांदी का व्यवसाय करने वाले कुंदन लाल सोनी के आवास लगी आग में जलने व दम घुटने से उनकी भी मौत हो गई थी। घटना में उनकी पत्नी राजकुमारी, बहुएं स्मृति व सूर्या तथा इंदौर निवासी बेटी ऋतु व उनके पुत्र आदित्य की मृत्यु भी हुई है। अग्निहादसे के दौरान घर के भीतर मौजूद रहे कुंदन के पोता-पोती अमायरा व आकर्ष तथा पुत्र रितेश व सौरभ सुरक्षित बच गए थे।

इनका कहना है-

कलेक्टर के आदेश पर छपारा में हुए अग्निहादसे की मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है। लखनादौन एसडीएम जांच कर रहे हैं। जांच कर 7 दिन में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

- नीलमणि अग्निहोत्री, एडीएम, सिवनी


Created On :  

Tags

Next Story