Seoni news: संकरी गलियों सज रहा नगर पालिका का बाजार : आग लगी तो बन सकते हैं गंभीर हालात

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
दीपावली की रात छपारा व कटनी में हुए अग्निहादसों ने 12 जानें ले लीं। अग्निहादसे ने छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में निवासरत सोनी परिवार के 6 लोगों का जीवन खत्म कर दिया। इन दोनों घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं ने सिस्टम की नाकामी को उजागर कर दिया है। छपारा में घटना के दौरान आग बुझाने पहुंचे दमकल वाहन का पानी मात्र 10 मिनट में ही खत्म हो गया था। इसके बाद सिवनी व लखनादौन से जब तक दमकल वाहन बुलाए गए, तब तक मकान के भीतर जिंदगी की जंग लड़ रहे 6 लोगों की जान जा चुकी थी। घटना के दौरान दमकल की खामी तो सामने आई ही। एंबुलेंस ने भी खुद अपने आपको कठघरे में खड़ा कर दिया। जो एंबुलेंस पहुंची थी, उसमें सिलेंडर तो था, लेकिन ऑक्सीजन नहीं थी। एंबुलेंस में स्ट्रेचर तक नहीं था । क्षेत्रीय लोगों के अनुसार घर के भीतर से 16 साल के आदित्य सोनी को कंबल में लिपटाकर एंबुलेंस तक लाया गया, तब तक उसकी सांसें चल रही थीं। आक्सीजन होती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। बिजली कंपनी के अमले ने भी मौके पर पहुंचने में विलंब किया। काफी देर तक सप्लाई बंद करने का इंतजार होता रहा। घटना के बाद प्रशासन एक्टिव मोड पर दिख रहा है। कलेक्टर अंजू अरूण कुमार द्वारा मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए जाने के बाद एंक्वायरी शुरु हो गई है। लखनादौन एसडीएम अर्जुन सिंह ठाकुर जांच कर रहे हैं। इधर, सिवनी नगर पालिका परिषद भी हरकत में नजर आ रही है। दमकल वाहनों के अपडेट व मुस्तैद होने के दावे किए जा रहे हैं। घटना, जांच और मुस्तैदी के दावों के बीच जिम्मेदार जिले के उन स्पॉट को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे, जहां अग्निहादसा होने की स्थिति में विकट हालात निर्मित हो सकते हैं। जिला मुख्यालय में ही नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने की ओर स्थित बुधवारी बाजार की संकरी गलियों में कपड़े, तेल सहित तेजी से जलने वाली सामग्रियों का व्यापार बड़े स्तर पर चल रहा है। मजे कि बात तो यह है कि संकरी गलियों का बाजार नगर पालिका परिषद का ही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी वहां जाकर स्थिति का जायजा लेने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाते। हालात ऐसे हैं कि बाइक भी आसानी से आ-जा नहीं सकती। ऐसे में यहां कभी आग लगने की घटना होगी तो हालात बहुत ही विकट हो जाएंगे। दमकल वाहन का भीतर तक जाना संभव ही नहीं है। मुख्य मार्ग अथवा अन्य जगह से दमकल पाइप जोडक़र आग बुझाने की मशक्कत करेगी, तब तक बहुत कुछ जलकर खाक हो चुका होगा।
अतिक्रमण की भरमार
बुधवारी स्थित संकरी गलियों वाले नगर पालिका के बाजार चारों ओर से अतिक्रमण से भी घिरे हुए हैं। नगर पालिका कार्यालय के सामने नेहरू रोड पर अतिक्रमण की भरमार है। यही, स्थिति मुख्य मार्ग पर है। बाजार के भीतर भी कई लोगों ने 8-8 फीट तक सरकारी जमीन पर निर्माण कर लिए हैं। रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी का कॉमर्शियल उपयोग किया जा रहा है। आग लगने पर ये सब बचाव कार्य में बड़ी बाधा बनेंगे।
अपडेट रहने के दावे, मॉकड्रिल कराकर परखी मुस्तैदी
छपारा अग्निहादसे के बाद नगर पालिका परिषद हरकत में है। अंबेडकर वार्ड सहित शहर के दो अन्य स्थानों पर मॉकड्रिल कराकर दमकल वाहनों व अमले की मुस्तैदी परखी गई है। एक-दो दिन में फिर मॉकड्रिल कराए जाने की बात कही जा रही है। नगर पालिका के अधिकारी दमकल शाखा के अपडेट रहने के दावे कर रहे हैं। उनका कहना है कि सिवनी नगर पालिका की दमकल शाखा पूरे समय हर हालात से निपटने के लिए तैयार है।
सिवनी तहसील के लिए आधा दर्जन भी नहीं दमकल वाहन
जनवरी माह से अब तक लगभग ढाई सौ अग्निहादसे जिले में हो चुके हैं। सिवनी नगर पालिका परिषद के पास 5 दमकल वाहन हैं। इनमें से एक 2 हजार लीटर क्षमता का मिनी दमकल वाहन हाल ही में बेड़े में शामिल हुआ है। 5 में से 2 बड़े दमकल पुराने हैं। जिला मुख्यालय सहित पूरी सिवनी तहसील इन पांचों दमकल वाहनों के भरोसे है।
न ट्रेंड हैं और न किट है
नगर पालिका की दमकल शाखा में 10 चालक व 19 हेल्पर तैनात हैं। इनमें 2 कर्मी आउटसोर्स वाले भी हैं। नगर पालिका परिषद द्वारा आग बुझाने के काम में लगाए गए कर्मियों में से ज्यादातर नियमानुसार पूरी तरह से ट्रेंड नहीं हैं। दमकल अमले के पास पर्याप्त किट भी नहीं है।
इनका कहना है
नगर पालिका परिषद के 5 दमकल वाहन हैं। फोम टेंडर भी है। मॉकड्रिल कराकर दक्षता भी परखी गई है। पुन: मॉकड्रिल कराई जाएगी। संकरी गलियों में अग्नि हादसा होने की स्थिति में भी नगर पालिका के दमकल आग बुझाने में सक्षम हैं। दो सौ फीट दूर तक पाइप ले जाकर आग बुझाने की क्षमता है। छपारा अग्निहादसे के दौरान भी सिवनी से दमकल वाहन भेजा गया था।
- दिशा डेहरिया, सीएमओ, नगर पालिका परिषद, सिवनी
Created On :  
