- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- रेल ओवरब्रिज की सौगात मिलने का...
Seoni news: रेल ओवरब्रिज की सौगात मिलने का काउंट-डाउन शुरु

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
शहर के पहले रेल ओवरब्रिज की सौगात मिलने का काउंट-डाउन शुरु हो गया है। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को रेलवे ट्रैक के ऊपरी हिस्से में गर्डर लॉन्चिंग का काम पूर्ण कर लिया गया। अब गर्डर के ऊपर डेक स्लैब का काम करना ही शेष रह गया है। रेल ओवरब्रिज का निर्माण कराने वाले मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन (एमपीआरडीसी) के अफसर बता रहे कि डेक स्लैब का काम लगभग 15 दिन में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पूरा होते ही रेल ओवरब्रिज सडक़ यातायात प्रारंभ करने के लिए तैयार हो जाएगा। गौरतलब है कि मई माह के अंत में नागपुर रेल डिवीजन के अफसरों ने सिवनी आकर निरीक्षण किया था। इसके बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेल बिलासपुर जोन मुख्यालय से ब्लॉक के लिए हरीझण्डी मिलने का इंतजार प्रारंभ हो गया था। पिछले माह ब्लॉक की मंजूरी मिली थी। नागपुर डिवीजन ने मंगलवार व बुधवार को दोपहर 01 बजकर 40 मिनट से शाम 04 बजकर 40 मिनट तक ब्लॉक की स्वीकृति दी, जिसके बाद 6 गर्डर लॉन्चिंग का काम पूर्ण किया गया। गर्डर लॉन्चिंग रेलवे की मॉनीटरिंग में की गई।रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर स्थित पियर को आपस में कनेक्ट करने के लिए आधा दर्जन गर्डर लगाने मौके पर दो विशाल क्रेन बुलाई गई थीं। दोपहर एक बजकर चालीस मिनट पर ब्लॉक शुरु होते ही के्रन की मदद से गर्डर लॉन्चिंग का शेष कार्य किया गया, जिसके पश्चात गर्डर पर अन्य आवश्यक कार्य किया गया।
गर्डर लाॉन्चिंग व उन पर अन्य कार्य पूर्ण होने के पश्चात ब्लॉक हटाकर सिवनी-चौरई सेक्शन पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया। चौरई की ओर से शाम 6 बजे के लगभग मालगाड़ी सिवनी पहुंची। इसके बाद नैनपुर से आई पैसेंजर ट्रेन सिवनी से चौरई की ओर रवाना हुई।अब गर्डर के ऊपरी हिस्से में यातायात संचालन के लिए डेक स्लैब निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पहले सभी 6 गर्डर के ऊपर शटरिंग लगाकर सरिया बांधा जाएगा। फिर आरसीसी कंक्रीट की ढलाई कर ठोस सडक़ मार्ग तैयार किया जाएगा।रेल ओवरब्रिज का काम पूर्ण होने का इंतजार पूरा शहर कर रहा है। छिंदवाड़ा चौक होते हुए नागपुर रोड पर आने-जाने वाले लगभग ढाई साल से रेल ओवरब्रिज का काम पूरा होने और इसे सडक़ यातायात के लिए खोलने का इंतजार कर रहे हैं। काम पूर्ण न होने के कारण रेलवे क्रॉसिंग के पास से आवाजाही में शहरवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तय टारगेट के अनुसार छिंदवाड़ा चौक से नागपुर रोड स्थित थोक फल एवं सब्जी मंडी के पास तक बनाए गए 630 मीटर लंबे रेल ओवरब्रिज का काम इस साल फरवरी माह में पूर्ण हो जाना था, लेकिन इसमें लगभग 6 माह की देरी हो चुकी है।
इनका कहना है
रेल ओवरब्रिज पर गर्डर लॉन्चिंग का काम रेलवे की मॉनीटरिंग में पूर्ण कर लिया गया है। इसके लिए तीन घंटे का ब्लॉक दिया गया था। अब गर्डर के ऊपरी हिस्से में डेक स्लैब का काम लगभग 15 दिन में पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके बाद रेल ओवरब्रिज सडक़ यातायात के लिए तैयार हो जाएगा।
- एनके बर्वे, जीएम, एमपीआरडीसी
Created On :   13 Aug 2026 1:27 PM IST











