- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- जनाजे को कब्रिस्तान ले जाने नदी पार...
Seoni news: जनाजे को कब्रिस्तान ले जाने नदी पार करने की मजबूरी
डिजिटल भास्कर न्यूज सिवनी
लखनादौन जनपद की ग्राम पंचायत गणेशगंज के गंजटोला में मुस्लिम समाज के लोगों को किसी व्यक्ति की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव से कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए मुतिया नदी को पार करना पड़ता है। सामान्य दिनों में लोग किसी तरह नदी पार कर जनाजा कब्रिस्तान तक ले जाते हैं, लेकिन बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढऩे से यह रास्ता बेहद जोखिम भरा हो जाता है। ग्राम के मतीन खान, फईम मोहम्मद, इरफान खान, शोहेल खान और शमी खान के अनुसार बरसात में मुतिया नदी में पानी का बहाव तेज हो जाता है। ऐसे में जनाजे को नदी पार कर ले जाना परिजनों और समाज के लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार लोगों को पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है। इससे अंतिम संस्कार में भी देरी की स्थिति बन जाती है। सोमवार को गंजटोला निवासी नईम शाह के निधन पर उनका जनाजा नदी पार कर ले जाना पड़ा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी पर पुल या रपटा निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही हैए लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि अंतिम यात्रा से जुड़ा बेहद संवेदनशील और मानवीय मुद्दा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मुतिया नदी पर जल्द पुल या रपटा बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि किसी की अंतिम यात्रा भी मजबूरी और जोखिम के बीच न करनी पड़े।
Created On :   11 Aug 2026 4:48 PM IST











