- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- हाइवे पर गड्ढों की भरमार, चलना हुआ...
सिवनी न्यूज: हाइवे पर गड्ढों की भरमार, चलना हुआ खतरनाक

भास्कर न्यूज, सिवनी|नेशनल हाईवे 44 पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। नंदौरा-गोपालगंज और छपारा-लखनादौन के बीच हुए गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण गड्ढों का आकार व संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जबकि गड्ढों के कारण पूरे समय हादसे की आशंका बनी रहती है। हाईवे पर आगे चल रहे तेज रफ्तार वाहनों के कारण पीछे आ रहे वाहन चालक को गड्ढे का अंदेशा भी नहीं रहता। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
घुनई घाट पर चलना हुआ खतरनाक
छपारा-लखनादौन के बीच नेशनल हाईवे पर वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे के इस हिस्से पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। गनेशगंज से लखनादौन के मध्य मढ़ई घाट पर जगह-जगह हुए बड़े गड्ढों के कारण पूरे समय हादसे की आशंका बनी रहती है। बम्होड़ी व मढ़ई के बीच भी कई गड्ढे हो गए हैं। घुनई घाट से गुजरना सबसे खतरनाक बना हुआ है। यहां के गड्ढे कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं।
हर थोड़े अंतराल में गड्ढे
सिवनी-मोहगांव के बीच नंदौरा-गोपालगंज के मध्य नेशनल हाईवे पर हर थोड़े अंतराल में हुए गड्ढे हाईवे पर आवाजाही को खतरनाक बना रहे हैं। नंदौरा से गोपालगंज की ओर जाते समय ही वाहन चालकों को गड्ढों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी ओर की सडक़ फिलहाल ठीक है। गड्ढों को भरने को लेकर कोई कवायद नहीं की जा रही है।
Created On :   28 July 2026 4:39 PM IST












