Seoni news: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, बाल-बाल बचा चालक

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
छपारा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर सडक़ हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह लगभग 8.30 बजे छपारा से लगभग 6 किमी दूर ग्राम सादक-सिवनी टोला के समीप एक ढाबे के सामने तेज रफ्तार पिकअप सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक की जान बाल-बाल बच गई। बताया गया कि नागपुर से डीजे साउंड के उपकरण लेकर जबलपुर जा रही पिकअप ओवरटेक के दौरान आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का बोनट और केबिन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि वाहन में चालक मोंटू अकेला सवार था और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
दो बाइक की भिड़ंत
चार घायल, तीन जबलपुर रेफर-किंदरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत धूमामाल गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे 112 पुलिस वाहन की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया। बताया गया कि घायलों में सीताराम मसराम (40), निलेश मसराम (24) और हेतन मसराम (6) तीनों निवासी धूमामाल तथा फूलवती कुुलस्ते (55), निवासी डूंगरिया शामिल हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर में जारी है।
Created On :  
