Shahdol News: खेल अधिकारी पर 39 लाख की गड़बड़ी मामले में कार्रवाई नहीं

आरोप : प्रमाणित अनियमितता के बावजूद वसूली अटकी

डिजिटल डेस्क,शहडोल। संभाग के अनूपपुर जिले में खेल गतिविधियों के नाम पर करीब 39 लाख रुपए की गड़बड़ी के आरोप जनजातीय कार्य विभाग में पदस्थ प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी शेख खलील कुरैशी पर लगे हैं। हैरानी जताई जा रही है कि पूर्व में हुई जांच में रिकवरी तय होने के बावजूद अब तक राशि जमा नहीं कराई गई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई हो सकी है।

सूत्रों के मुताबिक विद्यालयों से एकत्रित क्रीड़ा शुल्क का 60 प्रतिशत स्कूल स्तर पर और 40 प्रतिशत राशि जिला स्तर पर खर्च की जानी चाहिए। आरोप है कि इस राशि में भी अनियमितता बरती गई। करीब 25 लाख रुपए एडवांस के रूप में खर्च दिखाए गए, लेकिन अब तक उसके वाउचर प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। इससे खर्च की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

एक साथ शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग दोनों में जिला क्रीड़ा अधिकारी का प्रभार दिया जाना भी चर्चा में है। फर्जी खिलाडिय़ों को शामिल करने, सेपक टेकरा प्रतियोगिता में गड़बड़ी और जनप्रतिनिधियों के अपमान जैसे आरोप भी सामने आ चुके हैं।

जांच में अनियमितताएं सामने आईं और संबंधित अधिकारी को दोषी भी पाया गया। इसके बावजूद न तो वसूली हुई और न ही कोई सख्त कार्रवाई। जेडी उमेश धुर्वे का कहना है कि जांच प्रतिवेदन को अवलोकन कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   6 April 2026 6:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story