Shahdol News: घटिया मैटेरियल उपयोग करने का आरोप, आवागमन में परेशानी

घटिया मैटेरियल उपयोग करने का आरोप, आवागमन में परेशानी
एक साल में ही उखड़ा डामर, जर्जर हुई रोड

डिजिटल डेस्क,शहडोल। सरकार गांवों को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए करोड़ों रुपए पानी की तरह बहा रही है, लेकिन विभागीय लापरवाही और ठेकेदारों की मनमानी के कारण ये योजनाएं जमीन पर दम तोड़ रही हैं। ताज़ा मामला ग्राम पंचायत उधिया का है, जहाँ लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई सड़क एक साल में ही जर्जर हो चुकी है। ग्रामीण बताते हैं कि एक साल पहले जब इस सड़क पर डामरीकरण हुआ था, तो उम्मीद थी कि अब उनके सफर की मुश्किलें खत्म हो जाएंगी।

लेकिन भ्रष्टाचार का डामर इतना कच्चा निकला कि पहली बारिश और सामान्य आवाजाही भी नहीं झेल पाया। आज स्थिति यह है कि सड़क से डामर गायब हो चुका है और सिर्फ नुकीली गिट्टियां ही नजर आ रही हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण दुपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ रहा है।

बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के लिए इस रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग साफ झलकता है। ठेकेदार ने मानक के अनुरूप काम नहीं किया, जिससे सड़क समय से पहले ही उखड़ गई।

जांच कर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने निर्माण के वक्त गुणवत्ता की जांच नहीं की। ठेकेदार की मनमानी और अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा अब पूरी पंचायत भुगत रही है। अब तक न तो सड़क की मरम्मत शुरू हुई है और न ही संबंधित ठेकेदार पर कोई कार्रवाई की गई है। उधिया के ग्रामीण अब इस मामले में उच्च स्तरीय जांच और सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए विवश होंगे।

Created On :   6 April 2026 6:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story