- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सीधी
- /
- सीधी कॉलेज में शेड-मंच निर्माण के...
Sidhi News: सीधी कॉलेज में शेड-मंच निर्माण के लिए ₹23.35 लाख मंजूर

डिजिटल डेस्क,सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी में विद्यार्थियों की सुविधा और परिसर के विकास के लिए शेड एवं मंच निर्माण कार्य को ₹23.35 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह राशि सांसद निधि के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार निर्माण कार्य की जिम्मेदारी एमपी स्टेट एग्रो, सीधी को सौंपी गई है। स्वीकृत राशि की पहली किस्त के रूप में 50 प्रतिशत यानी ₹11.675 लाख जारी करने की अनुमति भी दी गई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शेड एवं मंच का निर्माण होने से महाविद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, राष्ट्रीय और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।
Created On :   9 Oct 2026 8:25 PM IST












