- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सीधी
- /
- थाना परिसर में प्रधान आरक्षक पर...
sidhi news: थाना परिसर में प्रधान आरक्षक पर लाठी से हमला

थाना परिसर में प्रधान आरक्षक पर लाठी से हमला
सीधी। जिले के भुईमाड़ थाना परिसर में सोमवार दोपहर करीब 11:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने थाना परिसर के भीतर ही प्रधान आरक्षक पर लाठी से हमला कर दिया। घटना में प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जिसके चलते चिकित्सकों को 8 टांके लगाने पड़े। जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे थाना प्रभारी कक्ष में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ विभागीय कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के गैवटा निवासी ओमप्रकाश दुबे पिता बैजनाथ उम्र 22 वर्ष भुईमाड़ थाना परिसर पहुंचा और थाना प्रभारी कक्ष के बाहर लगी खिड़की पर लकड़ी के डंडे से जोर-जोर से प्रहार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। पुलिसकर्मियों ने खिड़की बंद कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। शोर सुनकर प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे बाहर आए और आरोपी से हंगामे का कारण पूछा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने अचानक डंडे से पहले उनके पैर पर वार किया और फिर सिर पर जोरदार हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर आठ टांके लगाए गए। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस दुस्साहसिक वारदात की चर्चा बनी हुई है। बता दें कि प्रधान आरक्षक चार दिवस पूर्व ही पोड़ी चौकी से ट्रांसफर होकर आये है
Created On :   7 July 2026 2:41 PM IST











