प्रतिमा का अनावरण: पीएम मोदी सिंधुदुर्ग में बोले - चलो नई मिसाल हो, बढ़ो नया कमाल हो

पीएम मोदी सिंधुदुर्ग में बोले - चलो नई मिसाल हो, बढ़ो नया कमाल हो
  • पीएम मोदी सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर बोले
  • नौसेना अब अपने रैंक्स का नामकरण भारतीय परंपराओं के अनुरूप कर सकेगी
  • छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरणा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नौसेना दिवस के मौके पर सिंधुदुर्ग किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नौसेना की बढ़ती ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज से प्रेरणा लेकर ही भारत गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। मोदी ने कहा कि बहुत जल्द नौसेना की वर्दी पर शिवाजी महाराज की राजमुद्रा मुद्रित होगी। इसके अलावा नौसेना अब अपने रैंक्स का नामकरण भारतीय परंपराओं के अनुरूप कर सकेगी। उन्होंने कहा कि भारत बहुत जल्द दुनिया की तीन बड़ी आर्थिक ताकतों में शामिल होने जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरणा लेकर सिर्फ पांच-दस साल का नहीं बल्कि आने वाली सदियों का भविष्य लिखने वाला है। मोदी ने कहा कि 10 वर्ष से भी कम समय में भारत दुनिया में 10वें नंबर की आर्थिक ताकत से बढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है और बहुत जल्द अब तीसरे नंबर की आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। मोदी ने कहा कि हम सशस्त्र बलों में अपनी नारी शक्ति की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दे रहे हैं। नौसेना में पहली महिला कमांडिंग अफसर की नियुक्ति भी कर दी गई है। पीएम मोदी ने नौसैनिकों को बधाई देते हुए कहा, चलो नई मिसाल हो, बढ़ो नया कमाल हो, झुको नहीं, रुको नहीं, बढ़े चलो, बढ़े चलो।

प्रधानमंत्री मोदी ने चार राज्यों में से तीन में भाजपा को मिली जीत को भारत की ताकत बताते हुए कहा कि यह भारत की जनता का विश्वास है। मोदी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज समुद्र के महत्व को समझते थे और जानते थे कि जो समुद्र पर नियंत्रण रखता है वह सत्ता कायम रख सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के पीछे एक बहुत बड़ी ताकत है और वह ताकत 140 करोड लोगों के विश्वास की ताकत है। भारत का इतिहास एक हजार वर्षों की गुलामी का इतिहास नहीं बल्कि पराजय और निराशा का इतिहास है। जिसे अब पीछे छोड़ने का समय शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मौके पर कहा कि देश के चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को ही आए हैं, जिनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी का जादू देखने को मिला है। शिंदे ने कहा कि चुनाव के नतीजों से देश की जनता ने एक बात साबित कर दी है कि देश में गारंटी का दूसरा नाम मोदी है। दुनिया भर में प्रधानमंत्री मोदी की वजह से सम्मान बढ़ा है और हमारे देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है।

Created On :   4 Dec 2023 3:47 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story