- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- विस्थापित राजस्व ग्राम की 4.5...
umaria news: विस्थापित राजस्व ग्राम की 4.5 हेक्टेयर वन भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त
डिजिटल न्यूज़ उमरिया
विश्व प्रसिद्ध बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व (Bandhavgarh Tiger Reserve) प्रबंधन ने वन और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाया है। रिजर्व के कल्लवाह रेंज अंतर्गत आने वाले मेनवाह राजस्व ग्राम में विस्थापन के बाद रिक्त हुई और वन भूमि के रूप में नामांतरित जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए आज एक विशाल संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक, मेनवाह ग्राम के विस्थापित हितग्राहियों की जो भूमि नियमानुसार वन भूमि के रूप में नामांतरित हो चुकी थी, उस पर विस्थापन के दौरान असहमत रहे 8 परिवारों ने अवैध रूप से कब्जा जमा रखा था। टाइगर रिजर्व के नियमों और वन्यजीवों के कॉरिडोर की सुरक्षा के लिहाज से इस अवैध कब्जे को हटाना बेहद जरूरी था अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के लिए वन विभाग और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था, जिसमें दोनों विभागों के करीब 40 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। भारी पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुँची टीम ने सबसे पहले भूमि का निरीक्षण और अभिलेखीय परीक्षण किया। इसके बाद, बिना किसी देरी के जेसीबी मशीन की मदद से अवैध कब्जों को नेस्तनाबूद करना शुरू किया गया। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान मेनवाह क्षेत्र के लगभग 18 खसरों में फैली 4.5 हेक्टेयर (करीब साढ़े चार हेक्टेयर) वन भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया। कार्रवाई के तुरंत बाद इस पूरी भूमि को वन विभाग के आधिपत्य और संरक्षण में ले लिया गया है। इनका कहना है "इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन और वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित रखना है। विस्थापन के बाद जो भूमि रिक्त हुई है, उसका नियमानुसार संरक्षण हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।" डॉ. अनुपम सहाय — क्षेत्र संचालक, बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व
Created On :   9 Aug 2026 3:34 PM IST









