- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- जनरल स्टोर में ऑयल डालकर आग लगाने...
उमरिया न्यूज: जनरल स्टोर में ऑयल डालकर आग लगाने का प्रयास

डिजिटल डेस्क उमरिया शहर के व्यस्त ट्रेेलर मार्केट स्थित आसमानी जनरल स्टोर में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा दुकान में ऑयल डालकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गनीमत यह रही कि शटर गीला होने के कारण आग नहीं पकड़ पाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और भारी नुकसान होने से बच गया। पीड़ित दुकानदार रितेश खट्टर के अनुसार, वे 31 जुलाई की रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। जब वे 1 अगस्त की सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि पूरी शटर पर ऑयल डाला गया था और उसमें आग लगाने की कोशिश की गई थी। मौके पर दुकान के पास एक माचिस भी बरामद हुई है। दुकानदार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि इससे पहले भी अज्ञात उपद्रवियों द्वारा उनकी दुकान के शटर पर गोबर फेंका गया था और ताले में चिपचिपा पदार्थ डालकर परेशान किया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारी मानसिक रूप से परेशान है। घटना के बाद से आसपास के व्यापारियों में भी भारी डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी पर ही गांधी चौक और यातायात थाना स्थित है, जहां हमेशा चहल-पहल बनी रहती है। इसके बावजूद इस तरह खुलेआम असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसी हरकत को अंजाम देना पुलिस और प्रशासन के खौफ पर बड़े सवाल खड़े करता है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Created On :   2 Aug 2026 12:57 PM IST









