- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- झपटमारी और चोरी का खुलासा, एक महिला...
उमरिया न्यूज: झपटमारी और चोरी का खुलासा, एक महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार*

डिजिटल डेस्क उमरिया जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर झपटमारी और चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल समेत कुल 1,44,000/- रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ के बाद थाना इंदवार क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16.07.2026 को फरियादी रावेन्द्र सिंह निवासी बिजौरा की सूचना पर थाना कोतवाली उमरिया में अपराध क्रमांक 404/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी उमरिया पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए तथा आसपास के लोगों से अज्ञात आरोपियों के हुलिया के संबंध में पतासाजी की गई। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेह के घेरे में आए एक पुरुष और एक महिला को पकड़कर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा मशरूका जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ललन सिंह गौंड (पिता शंभू, उम्र 30 वर्ष, निवासी बड़वाही, मानपुर) तथा निशा रजक (पति संजीव कुमार कतलाम, उम्र 22 वर्ष, मूल निवासी बालोद छत्तीसगढ़, हाल निवासी बड़वाही, मानपुर) शामिल हैं। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में कोतवाली थाना और सायबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही।
Created On :   2 Aug 2026 1:33 PM IST









