- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- सालभर से नौ नंबर कॉलोनी सब्जी मंडी...
Umaria News: सालभर से नौ नंबर कॉलोनी सब्जी मंडी मार्ग की पाइप लाइन लीकेज, जिम्मेदारों को समस्या से नहीं सरोकार

डिजिटल डेस्क,उमरिया। शहर के नौ नंबर कॉलोनी कॉलोनियों से फिल्टर प्लांट चौराहा सब्जी मंडी एरिया की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बदहाली और लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो कभी भी किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है। सड़क के ठीक बीचों-बीच पाइपलाइन में लीकेज के कारण एक बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है, जो स्थानीय रहवासियों और राहगीरों के लिए रोज की मुसीबत बन चुका है।
हैरानी की बात यह है कि यह समस्या कोई एक-दो दिन की नहीं, बल्कि करीब एक साल से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग से हर दिन हजारों लोगों का आना-जाना होता है। सड़क के बीच बने इस गहरे गड्ढे में हमेशा गंदा पानी भरा रहता है जिससे यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि गड्ढा कितना गहरा है।
इस वजह से दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों के लिए इस रास्ते से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। जल संकट और सड़क की बर्बादी से जूझ रहे इस इलाके के लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस लीकेज और गड्ढे की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।
लीकेज को ठीक कर सड़क की मरम्मत करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सालभर से जस की तस बनी इस स्थिति के कारण स्थानीय लोगों में नगर प्रशासन और जिम्मेदार महकमों के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।
Created On :   15 Oct 2026 6:56 PM IST












