IPL News: 'अर्शदीप सिंह को बैन करो..', तिलक वर्मा को अंधेरा कहने पर भड़के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। आईपीएल 2026 के बीच पंजाब टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के एक वीडियो पर जमकर बवाल मचा हुआ है। इस वीडियो में वह मुंबई के बैटर तिलक वर्मा को मजाक में चिढ़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अर्शदीप ने कहा, 'ओए अंधेरे, सनस्क्रीन लगाया।' उनके इस कमेंट को सोशल मीडिया यूजर्स ने तिलक के स्किन टोन का मजाक उड़ाने से जोड़ दिया। इसके बाद अब अर्शदीप की जमकर आलोचना हो रही है।
'अर्शदीप को तुरंत हटाओ'
इस मामले पर भारत के पूर्व स्पिनर और कमेंटेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर अर्शदीप की आलोचना करते हुए उन्हें आईपीएल से बैन करने की बात कही। अपनी पोस्ट में शिवरामकृष्णन ने कहा, 'मेरी बातों पर किसी ने भरोसा नहीं किया था। सबने मेरा मजाक उड़ाया और मुझे ट्रोल किया था। अर्शदीप को इस सीजन के लिए बैन किया जाना चाहिए और जितने मैच उन्होंने खेले हैं सिर्फ उसी आधार पर भुगतान होना चाहिए। आज के दौर के खिलाड़ियों को वहीं चोट पहुंचानी चाहिए जहां उन्हें सबसे ज्यादा दर्द होता है। मुझे पूरा यकीन है कि इस बयान के बाद मुझे फिर से ट्रोल किया जाएगा।'
यह भी पढ़े -चहल से जुड़े वेपिंग विवाद के बाद बीसीसीआई सख्त, अर्शदीप को 'व्लॉगिंग' बंद करने का फरमान रिपोर्ट
'खुद भी कर चुके हैं रंगभेद का सामना'
लक्ष्मण शिवरामकृष्णन के इस गुस्से की वजह उनके पुराने अनुभव भी हैं। उन्होंने हाल ही में खुलासा किया था कि उनके खेलते समय साथी खिलाड़ियों ने उन पर रंगभेद टिप्पणी की थीं। शिवरामकृष्णन ने बताया था कि जब उनकी उम्र केवल 17 साल थी और वे टीम इंडिया के साथ पाकिस्तान के दौरे पर गए थे, तब टीम के कप्तान सुनील गावस्कर ने उनके लिए एक केक मंगवाया था। इस दौरान टीम के एक साथी ने गावस्कर से कहा था, 'हे सनी, तुमने बिल्कुल सही रंग का केक ऑर्डर किया है। इस डार्क बॉय के लिए इतना डार्क चॉकलेट केक!'
Created On :   15 May 2026 8:10 PM IST











