Ireland vs India: उलटफेर का शिकार हुई वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया, आयरलैंड ने 34 से हराया, अभिषेक के अलावा नहीं चला कोई बैटर

उलटफेर का शिकार हुई वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया, आयरलैंड ने 34 से हराया, अभिषेक के अलावा नहीं चला कोई बैटर
वर्ल्ड चैंपियन भारत को दुनिया की 12 नंबर की टीम आयरलैंड ने आसानी से हरा दिया। बेलफास्ट में खेले गए दो टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान आयरलैंड ने 34 रन से जीत दर्ज की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। वर्ल्ड चैंपियन भारत को दुनिया की 12 नंबर की टीम आयरलैंड ने आसानी से हरा दिया। बेलफास्ट में खेले गए दो टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान आयरलैंड ने 34 रन से जीत दर्ज की। यह आयरलैंड की भारत पर पहली जीत है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 182 रन बनाए थे। जबाव में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन ही बना सकी। टीम इंडिया की तरफ से ओपनर अभिषेक शर्मा ही आयरिश गेंदबाजों का सामना कर सके। उन्होंने 20 गेंदों पर 50 रन बनाए। उनके अलावा टीम का अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सका। 7 खिलाड़ी दो दहाई के आंकड़े को नहीं छू पाए। आयरलैंड की ओर से मैथ्यू हम्फ्रीज़ और मैट होलार्ड ने 3-3 विकेट लिए। उनके अलावा डेब्यू कर रहे भारतीय मूल के गेंदबाज जय मुंदरा को 2 सफलता मिलीं। लियाम मैकार्थी और गैरेथ डेलानी ने 1-1 विकेट झटके।

इससे पहले आयरलैंड की ओर से कप्तान लॉर्कन टकर के 50 और गैरेथ डेलानी के 49 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से हर्षित राणा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं। 1 विकेट शिवम दुबे के खाते में गया, जबकि आयरलैंड का एक प्लेयर रन आउट हुआ।

आयरलैंड के गेंदबाज मैथ्यू होलार्ड को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

आयरलैंड - टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लॉरकन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदरा और मैथ्यू हॉलार्ड।

भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।

Created On :   26 Jun 2026 9:57 PM IST

Tags

Next Story