England cricket team: हैरी ब्रूक की जगह जो रूट को क्यों बनाया गया इंग्लैंड टीम का कप्तान, नेशनल सेलेक्टर ने बताई चौंकाने वाली वजह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। बेन स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद टेस्ट टीम की कमान युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक को देने की बजाय अनुभवी जो रूट को सौंपी गई है। इंग्लैंड के नेशनल सेलेक्टर मार्कस नॉर्थ ने इस फैसले के पीछे की वजह साफ की है।
35 वर्षीय जो रूट पहले भी इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने 2017 से 2022 के बीच कुल 64 टेस्ट मैचों में टीम का नेतृत्व किया था, जिसमें इंग्लैंड ने 28 मुकाबलों में जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज के खिलाफ 2022 में मिली हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी। अब एक बार फिर बोर्ड ने उन पर भरोसा जताया है।
ब्रूक पर नहीं डालना चाहते अतिरिक्त दबाव
मार्कस नॉर्थ के मुताबिक, हैरी ब्रूक इस समय इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के कप्तान हैं और सीमित ओवरों की क्रिकेट में उनकी कप्तानी लगातार बेहतर होती जा रही है। ऐसे में बोर्ड का मानना है कि फिलहाल उन्हें टेस्ट टीम की जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा, क्योंकि तीनों फॉर्मेट की कप्तानी किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि ब्रूक और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसी वजह से टेस्ट टीम के लिए अनुभवी विकल्प को चुना गया है, ताकि ब्रूक अपने मौजूदा रोल पर पूरी तरह फोकस कर सकें।
'हैरी का समय भी आएगा'
नॉर्थ ने यह भी साफ किया कि भविष्य में टेस्ट कप्तानी के लिए हैरी ब्रूक के नाम पर विचार नहीं किया जाएगा, ऐसा बिल्कुल नहीं है। उनके अनुसार ब्रूक इंग्लैंड क्रिकेट के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और आगे चलकर टेस्ट टीम की कमान संभालने की पूरी क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल टीम के लिए जो रूट जैसा अनुभवी कप्तान उपलब्ध होना बड़ी बात है। उनका अनुभव टेस्ट टीम के साथ-साथ ब्रूक और मैकुलम के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।
जो रूट का कप्तानी रिकॉर्ड
2017 में पहली बार बने टेस्ट कप्तान।
इंग्लैंड के लिए रिकॉर्ड 64 टेस्ट मैचों में कप्तानी।
28 मैचों में टीम को दिलाई जीत।
अप्रैल 2022 में कप्तानी छोड़ी थी।
Created On :   7 Aug 2026 2:19 AM IST











