IND vs NZ T20 WC Final: 'शाबाश टीम इंडिया...हर भारतीय का दिल गर्व से भर दिया', टी20 वर्ल्डकप में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर बोले पीएम मोदी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्डकप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। यह तीसरी बार है जब भारत ने टी20 वर्ल्डकप जीता है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई दी है।
पीएम ने एक्स पर लिखा, 'चैंपियन। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया।'
यह भी पढ़े -आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप खड़गे और राहुल समेत विपक्षी नेताओं ने टीम इंडिया को दी बधाई, बताया गौरव का पल
'विश्व चैंपियन टीम इंडिया को सलाम' - अमित शाह
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी वर्ल्डकप का खिताब जीतने पर टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'क्या शानदार जीत है...विश्व चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपके असाधारण प्रदर्शन और दृढ़ संकल्प ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्वित करने के लिए पूरी टीम को बधाई।' बता दें कि इस खिताबी मुकाबले को देखने के लिए अमित शाह खुद स्टेडियम में मौजूद थे।
यह भी पढ़े -न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैं पूरी तरह टूट गया था, लेकिन ईश्वर की कुछ और ही योजना थी संजू सैमसन
'एक बार फिर चैंपियन' - राहुल गांधी
राहुल गांधी ने भारतीय टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'एक बार फिर चैंपियन! हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष सराहना। टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए हार्दिक बधाई।'
बता दें कि टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
Created On :   8 March 2026 11:48 PM IST












