T20 World Cup Records: सबसे बड़े स्कोर से लेकर सबसे ज्यादा छक्के तक..वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे मैच में लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

सबसे बड़े स्कोर से लेकर सबसे ज्यादा छक्के तक..वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे मैच में लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को वेस्टइंडीज ने एकतरफा मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच सुपर-8 राउंड का मैच खेला गया। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे पर 107 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की। वानखेड़े के मैदान पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इस दौरान कैरेबियाई टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया है।

भारत को छोड़ा पीछे

टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज अब जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है। इस मामले में उसने टीम इंडिया को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय टीम ने साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मैच में 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 234 रन बनाए थे।

सिक्सर किंग बने हेटमायर

हेटमायर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ महज 34 गेंदों में 85 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। अपनी इस पारी में कैरेबियाई बल्लेबाज ने 7 चौके और सात छक्के लगाए। हेटमायर ने टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में निकोलस पूरन की बराबरी कर ली है। हेटमायर इस वर्ल्ड कप में अब तक 17 छक्के लगा चुके हैं। वहीं, पूरन ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में कुल 17 छक्के लगाए थे।

सबसे ज्यादा 250+ स्कोर

टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज ने यह तीसरी बार 250 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर लगाए हैं। उन्होंने इस मामले में जिम्बाब्वे की बराबरी कर ली है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत ने सर्वाधिक चार बार 250 से ज्यादा रन बनाए हैं।

इसके अलावा वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने पारी में कुल 19 छक्के लगाए, जो टी20 वर्ल्ड कप की एक इनिंग में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा हैं। वेस्टइंडीज से पहले नीदरलैंड ने 2014 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के खिलाफ 19 छक्के लगाए थे।

Created On :   24 Feb 2026 1:08 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story