Mumbai Local Train Crime: मुंबई लोकल ट्रेन में युवकों में भारी झड़प, चाकू घोंपकर शख्स को उतारा मौत के घाट, इस वजह से बढ़ा विवाद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई की चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन में चाकू मारकर हत्या करने की घटना के बाद पश्चिम रेलवे स्टेशन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की है। रेलवे का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा और मेडिकल टीमों को एक्टिव कर दिया गया था और घायल यात्री का जल्द से जल्द इलाज कराया गया है। रेलवे के मुताबिक, 23 जून की रात ट्रेन संख्या 90663 में सफर कर रहे 22 वर्षीय मयंक लोहार का एक अन्य यात्री से झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के बीच डिब्बे का दरवाजा बंद करने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। यह विवाद अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में हुआ।
पेट में चाकू मारकर भाग निकला आरोपी
धीरे-धीरे बहस बढ़ने पर आरोपी ने मयंक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात 11:04 बजे ट्रेन बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची, लेकिन ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही आरोपी मौके से कूदकर फरार हो गया। रेलवे के अनुसार, ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के करीब 3 मिनट बाद यानी 11:07 बजे जीआरपी और आरपीएफ के जवान संबंधित डिब्बे तक पहुंच गए। इसके बाद 11:10 बजे स्ट्रेचर और मेडिकल सहायता टीम को मौके पर बुलाया गया। 11:12 बजे घायल यात्री को सुरक्षित बाहर निकालकर फर्स्ट एड के लिए ले जाया गया।
यह भी पढ़े -ग्राम पंचायत महेवा के सरपंच पर अवैध उत्खनन के मामले में कलेक्टर ने लगाया छियासी लाख का जुर्माना
मेडिकल रूम से अस्पताल तक पहुंचाया गया
रात 11:22 बजे मयंक को बोरीवली स्टेशन के इमरजेंसी वॉर्ड में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। इसके बाद रेलवे और सुरक्षा अधिकारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। डॉक्टर की सलाह पर 11:42 बजे एम्बुलेंस से उसे कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल भेजा गया। एम्बुलेंस 11:52 बजे अस्पताल पहुंच गई। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान भी उसके साथ मौजूद रहे।
सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
देर रात करीब 1 बजे रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी बोरीवली स्टेशन पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। रेलवे का कहना है कि घटना के बाद किसी तरह की देरी नहीं हुई और सभी एजेंसियों ने मिलकर तेजी से काम किया। वहीं जांच एजेंसियां अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही हैं। फिलहाल मामले की जांच जीआरपी के हाथ में है।
Created On :   24 Jun 2026 2:40 PM IST












