Pune City News: लोहगढ़ किले पर मंगेतर की हत्या, प्रेमी संग मिलकर रची थी साजिश

लोहगढ़ किले पर मंगेतर की हत्या, प्रेमी संग मिलकर रची थी साजिश
  • शादी से पहले रास्ते से हटाने के लिए 400 फीट गहरी खाई में धक्का देने का आरोप
  • दोनों आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिले के लोहगढ़ किले पर हुई 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत का मामला हत्या का निकला है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने जांच में खुलासा किया है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गहुंजे निवासी केतन अग्रवाल एक रियल एस्टेट कारोबारी परिवार से संबंध रखते थे। उनका विवाह इस वर्ष के अंत में सिया गोयल से होने वाला था। दोनों परिवारों ने उदयपुर में भव्य शादी की तैयारी भी शुरू कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल की शादी केतन से तय थी, लेकिन वह अपने परिचित चेतन चौधरी से प्रेम करती थी। दोनों साथ रहना चाहते थे। इसी कारण उन्होंने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

18 जून को सिया, केतन को ट्रेकिंग के बहाने लोणावला के पास स्थित लोहगढ़ किले पर ले गई। पुलिस जांच में सामने आया कि चेतन पहले से ही वहां मौजूद था। एक सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।

घटना के बाद सिया ने पुलिस को फोन कर बताया कि फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। शुरुआत में मामला दुर्घटना माना गया था। हालांकि, परिवार की ओर से संदेह जताए जाने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि सिया ने पहले भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। इसी महीने दोनों का बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट होने वाला था, लेकिन अचानक केतन का पासपोर्ट गायब होने से यात्रा रद्द हो गई थी। जांच में पता चला कि पासपोर्ट सिया ने ही छिपाया था।

पुलिस के अनुसार, लोहगढ़ किले पर भी दो बार पहले मौका तलाशा गया था, लेकिन भीड़ के कारण योजना सफल नहीं हो सकी। तीसरे प्रयास में 18 जून को वारदात को अंजाम दिया गया।

पुणे ग्रामीण पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Created On :   23 Jun 2026 8:07 PM IST

Tags

Next Story