Pune City News: आश्रम की आड़ में शोषण का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद जांच तेज

आश्रम की आड़ में शोषण का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद जांच तेज
  • महिलाओं से अमानवीय व्यवहार के आरोप
  • यौन शोषण और अंधश्रद्धा विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की तैयारी

भास्कर न्यूज, पुणे। खराड़ी क्षेत्र स्थित एक आश्रम में कथित आध्यात्मिक गुरु राधामोहन मिश्रा उर्फ मिश्रा बाबा के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में महिलाएं उनके पैर धोती और उस पर डाला गया दूध पीती दिखाई दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि यह सब धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर कराया जाता था।

खराड़ी पुलिस ने 59 वर्षीय राधामोहन मिश्रा को उसके सात सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में उसका करीबी सहयोगी स्वामी कंवल नयन और छह महिला अनुयायी शामिल हैं। सभी को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मामले की शुरुआत 41 वर्षीय एक आईटी पेशेवर महिला की शिकायत से हुई। महिला ने आरोप लगाया कि वह कई वर्षों तक बाबा के प्रभाव में रही। इस दौरान उसके साथ बार-बार यौन शोषण किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बिजली के झटके दिए गए, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और परिवार से दूर रहने के लिए मजबूर किया गया।

शिकायत के अनुसार, बाबा खुद को ईश्वर का अवतार बताता था। इसी बहाने वह अनुयायियों पर पूरा नियंत्रण रखता था। महिला ने आरोप लगाया कि उसे पति से तलाक लेने के लिए भी दबाव डाला गया। आश्रम के लिए लाखों रुपये देने और चोरी करने के लिए मजबूर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने देर रात आश्रम पर छापा मारा। इस दौरान परिसर में एक गुप्त भूमिगत कमरा मिला। जांच के दौरान आठ लैपटॉप, 19 हार्ड डिस्क, 10 डीवीडी, नौ मोबाइल फोन, 20 कैसेट और 23 पेन ड्राइव बरामद किए गए हैं।

पुलिस को आशंका है कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में कई महत्वपूर्ण वीडियो और दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे अन्य पीड़ितों की जानकारी मिल सकती है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कई अनुयायी बाबा द्वारा की गई मारपीट को भी आशीर्वाद मानते थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या अन्य महिलाओं को भी इसी तरह आध्यात्मिकता के नाम पर शोषण का शिकार बनाया गया।

Created On :   22 Jun 2026 6:51 PM IST

Tags

Next Story