- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- प्रार्थना से कैंसर-ट्यूमर ठीक करने...
Pune City News: प्रार्थना से कैंसर-ट्यूमर ठीक करने का दावा, धर्मगुरु समेत आठ लोगों पर मामला दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। कोंढवा क्षेत्र में प्रार्थना के माध्यम से कैंसर, ट्यूमर सहित गंभीर बीमारियों को ठीक करने का दावा करने वाले एक धर्मगुरु समेत आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र के जादूटोणा एवं अंधश्रद्धा प्रतिबंधक कानून तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत की गई है। मामले की जांच अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रशांत मंडले कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 32 वर्षीय महिला येरवडा क्षेत्र की निवासी हैं और अंधश्रद्धा निर्मूलन आंदोलन से जुड़ी कार्यकर्ता हैं। आरोपित धर्मगुरु चिंचवड़ क्षेत्र में रहते हैं। शिकायत के मुताबिक, रविवार, 14 जून की दोपहर महिला अपनी एक मित्र के साथ कोंढवा स्थित प्रार्थना स्थल पर गई थीं। वहां मौजूद स्वयंसेवकों ने 20 रुपये लेकर उन्हें प्लास्टिक की बोतल में पानी दिया। आरोप है कि स्वयंसेवकों ने दावा किया कि यदि शरीर के किसी हिस्से में बीमारी है तो उस स्थान पर यह पानी लगाने से रोग कम हो जाएगा।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद धर्मगुरु ने सभा को संबोधित करते हुए उपस्थित लोगों से शरीर के बीमार हिस्से पर दाहिना हाथ रखने को कहा। उन्होंने कथित रूप से कहा कि चाहे कैंसर हो, ट्यूमर हो या कोई अन्य गंभीर बीमारी, ईश्वर उन्हें ठीक कर देंगे।
इस दौरान शिकायतकर्ता महिला और उनकी मित्र ने कार्यक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि वहां मौजूद महिला स्वयंसेवकों ने उन्हें वीडियो रिकॉर्डिंग करने से रोका। विरोध करने पर दोनों महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई और उनके मोबाइल फोन से रिकॉर्ड की गई वीडियो फुटेज भी डिलीट कर दी गई।
महिला की शिकायत के आधार पर कोंढवा पुलिस थाने में धर्मगुरु समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
Created On :   16 Jun 2026 6:17 PM IST












