Pune City News: नवले पुल पर फिर हुआ दर्दनाक हादसा

नवले पुल पर फिर हुआ दर्दनाक हादसा
  • अनियंत्रित होकर पलटा सीमेंट मिक्सर, बाइक सवार युवक की मौत
  • चालक के खिलाफ मामला दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। मुंबई-बेंगलुरु बाईपास मार्ग पर स्थित नवले पुल क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से युवक की जान चली गई। हादसे के बाद कुछ समय तक मुंबई की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान रामेश्वर मच्छिंद भोगले (31) के रूप में हुई है। वह कात्रज के वाघजाईनगर में रहते थे और मूल रूप से बीड जिले के सांगवी हाजीपुर गांव के निवासी थे। दुर्घटना में सीमेंट मिक्सर चालक गोरख लक्ष्मण रनसुरे (50) भी मामूली रूप से घायल हुआ है। नऱ्हे पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब साढ़े 12 बजे सीमेंट मिक्सर नवले पुल से मुंबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान मार्ग के एक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और 16 पहियों वाला मिक्सर सड़क पर पलट गया। उसी समय वहां से गुजर रहे रामेश्वर भोगले मिक्सर के पहियों के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नऱ्हे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रामेश्वर भोगले को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक का उपचार किया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक बाईपास मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे हुए मिक्सर को हटाकर यातायात सुचारु किया गया।

हादसों का संवेदनशील क्षेत्र बना नवले पुल

नया कात्रज सुरंग से लेकर नवले पुल तक का हिस्सा लंबे समय से गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। यहां अक्सर भारी वाहनों के ब्रेक फेल होने या नियंत्रण खोने की घटनाएं सामने आती रही हैं। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुणे महानगरपालिका की ओर से कई सुरक्षा उपाय किए गए हैं, लेकिन हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

पिछले वर्ष भी हुआ था बड़ा हादसा

गत वर्ष 13 नवंबर को भी नवले पुल क्षेत्र में एक भीषण दुर्घटना हुई थी। सातारा से मुंबई जा रहे एक कंटेनर ने नियंत्रण खोने के बाद कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद लगी आग में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी सुरक्षा उपायों को लेकर कई सवाल उठे थे।

Created On :   10 Jun 2026 8:58 PM IST

Tags

Next Story