- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अस्पताल में वीआईपी ट्रीटमेंट पाने...
Pune City News: अस्पताल में वीआईपी ट्रीटमेंट पाने के लिए बनी फर्जी महिला पुलिस अधिकारी, गिरफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। लश्कर क्षेत्र में एक महिला द्वारा पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) बनकर अस्पताल में विशेष सुविधा हासिल करने का प्रयास महंगा पड़ गया। खाकी वर्दी पहनकर खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाली महिला को लश्कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला चिकित्सक से शीघ्र मुलाकात के लिए पुलिस अधिकारी होने का झूठा दावा कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीना आफिस इनामदार उर्फ समीना अयूब पठाण (25) निवासी म्हालुंगे के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सरकारी कर्मचारी का प्रतिरूप धारण करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी कैंप इलाके में विक्टरी सिनेमा के सामने स्थित एक निजी अस्पताल पहुंची थी। उस समय सहायक पुलिस फौजदार महेश शिंदे भी अस्पताल में मौजूद थे। महिला ने उनसे बातचीत करते हुए डॉक्टर से मुलाकात के लिए अपना नंबर जल्द लगाने की मांग की। बातचीत के दौरान शिंदे की नजर उसकी वर्दी पर लगी नेमप्लेट पर पड़ी। नेमप्लेट पुलिस नियमों के अनुसार नहीं लगी होने से उन्हें संदेह हुआ। पूछताछ में महिला ने खुद को बाणेर पुलिस थाने में पदस्थ बताते हुए रात की ड्यूटी से सीधे अस्पताल आने की बात कही।
संदेह गहराने पर शिंदे ने महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया। गहन पूछताछ में महिला का झूठ सामने आ गया और उसने पुलिस अधिकारी होने की फर्जी पहचान अपनाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
लश्कर पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने पुलिस वर्दी और अन्य सामान कहां से प्राप्त किया।
Created On :   7 Jun 2026 6:05 PM IST












